वानखेड़े में सूर्याकुमार का नाबाद शतक, 103 रन बनाकर धोया गुजरात को

Webdunia
शुक्रवार, 12 मई 2023 (22:01 IST)
GTvsMI सूर्यकुमार यादव की 49 गेंद में 103 रन की आतिशी पारी के दम पर मुंबई इंडियंस ने इंडियन प्रीमियर लीग टी20 मैच में शुक्रवार को यहां गुजरात टाइटंस के खिलाफ पांच विकेट पर 218 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया।सूर्यकुमार ने मैच की आखिरी गेंद पर अल्जारी जोसेफ के खिलाफ छक्का जड़कर आईपीएल में अपना पहला शतक पूरा किया। उन्होंने अपनी पारी में मैदान के चारों ओर 11 चौके और छह छक्के जड़े।

‘मिस्टर 360 डिग्री’ बल्लेबाज ने इस दौरान दो अर्धशतकीय साझेदारी की। उन्होंने विष्णु विनोद (20 गेंद में 30 रन) के साथ चौथे विकेट के लिए 42 गेंद में 62 रन की साझेदारी करने के बाद छठे विकेट के लिए कैमरून ग्रीन के साथ 18 गेंद में 54 रन की अटूट साझेदारी की। इसमें ग्रीन का योगदान तीन गेंद महज तीन रन का था।

टीम को इशान किशन (20 गेंद में 31 रन), रोहित शर्मा (18 गेंद में 29 रन)  और विष्णु ने भी बल्ले से अच्छा योगदान दिया।गुजरात के लिए राशिद खान ने चार ओवर में 30 रन देकर चार विकेट लिये। एक सफलता मोहित शर्मा (चार ओवर में 43 रन) को मिली। मोहम्मद शमी (चार ओवर में 53) और अल्जारी जोसेफ (चार ओवर में 52 रन) ने बिना किसी सफलता के रन लुटाये।

इससे पहले रोहित और इशान  ने पावरप्ले में 61 रन जोड़कर मुंबई को शानदार शुरुआत दिलायी।  रोहित ने मोहित शर्मा के खिलाफ दूसरे ओवर में दो चौके और छक्का लगाकर लय में वापसी का संकेत दिया। अगले ओवर में उन्होंने और इशान किशन ने मोहम्मद शमी के खिलाफ एक-एक छक्का जड़ा।

सम्बंधित जानकारी

अगला लेख