'अलविदा 2022, स्वागत 2023', 2 साल बाद मैदान पर उतरने को तैयार हैं जोफ्रा आर्चर

सोमवार, 2 जनवरी 2023 (17:17 IST)
लंदन: कोहनी और पीठ के निचले हिस्से में चोट के कारण पिछले लंबे समय से बाहर रहे इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर वर्ष 2023 में मैदान पर वापसी करने के लिए तैयार हैं।आर्चर ने ट्विटर पर अपनी वापसी की घोषणा करते हुए कहा,‘‘ धन्यवाद 2022, मैं तैयार हूं 2023 ।’’
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की टीम मुंबई इंडियंस ने आर्चर को आठ करोड़ रुपए में खरीदा था लेकिन चोटिल होने के कारण वह पिछले सत्र में नहीं खेल पाए थे। पांच बार का आईपीएल चैंपियन मुंबई अब जसप्रीत बुमराह के साथ उनकी खतरनाक जोड़ी तैयार करने की उम्मीद कर सकता है।
 
मुंबई इंडियंस ने दक्षिण अफ्रीकी लीग में अपनी फ्रेंचाइजी केपटाउन के लिए भी आर्चर को अनुबंधित किया है।
 
वनडे विश्व कप 2019 में इंग्लैंड की तरफ से सर्वाधिक विकेट लेने वाले आर्चर ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच मार्च 2021 में खेला था।
 
आर्चर ने फिट होने के बाद नवंबर में टेस्ट टीम के साथ अबू धाबी में अभ्यास किया था। वह जनवरी में दक्षिण अफ्रीकी लीग में खेलने के बाद इंग्लैंड की तरफ से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 27 जनवरी से शुरू होने वाली वनडे श्रृंखला में भाग लेंगे।आईपीएल में खेलने से पूर्व वह सीमित ओवरों की श्रृंखला के लिए बांग्लादेश दौरे पर जा सकते हैं।

2021 में 2 बार हुई थी सर्जरी

साल 2021 की शुरुआत में भारत दौरे आर्चर की हाथ की चोट गंभीर हो गई थी। इसी दौरान वह कोहनी की चोट से भी जूझ रहे थे। इस कारण वह भारत दौरे और आईपीएल 2021 में भी नहीं खेल पाए थे। वहीं वह साल 2020 की शुरुआत में दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर भी नहीं जा पाए थे।इसके बाद वह भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज और टी-20 विश्वकप से भी बाहर हो गए थे।

यह हैरत की बात थी कि जोफ्रा आर्चर ने अपनी उंगली के अंदर कांच का टुकड़ा होते हुए भी भारत में दो (टेस्ट और टी-20) सीरीज खेल ली। हालांकि टेस्ट सीरीज में जोफ्रा आर्चर को कुल 35 ओवरों में सिर्फ 4 विकेट मिले थे। इन 35 ओवरों में जोफ्रा ने 122 रन दिए थे। लेकिन इस स्थिती में उन्होंने मैदान पर लाल गेंद से अपने देश का प्रतिनिधित्व किया वह ही बड़ी बात थी।

आर्चर इसके बाद केंट के खिलाफ काउंटी चैंपियनशिप में ससेक्स के लिए मैदान में लौटे थे, लेकिन उन्होंने सिर्फ 18 ओवर गेंदबाजी की थी। गेंदबाजी करते समय उनकी दाहिनी कोहनी में दर्द हो रहा था।इस मैच के बाद उनकी फिटनेस और नाजुक हो गई थी, जिस कारण उनकी पीठ की सर्जरी हुई थी। पहले अंगूठे और फिर पीठ की सर्जरी से उबर कर अब आर्चर पूरी तरह तैयार हैं।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी