5 राज्यों में हैं सबसे ज्यादा युवा मतदाता, लक्षद्वीप में सबसे कम

शनिवार, 16 मार्च 2019 (12:58 IST)
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के लिए इस बार 18 से 19 वर्ष के आयु वर्ग में सबसे अधिक युवा मतदाता 20 लाख एक हज़ार 898 मतदाता पश्चिम बंगाल में हैं, जबकि दूसरे स्थान पर उत्तर प्रदेश है। इस चुनाव में कुल मतदाताओं की संख्या 89 करोड़ 87 लाख 68 हज़ार 978 है, जिनमें एक करोड़ 50 लाख 64 हज़ार 824 मतदाता 18 से 19 साल के हैं, जो युवतम मतदाता हैं।
 
चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार उत्तर प्रदेश में 16 लाख 75 हज़ार 567 युवतम मतदाता हैं, जबकि तीसरे स्थान पर मध्यप्रदेश है, जहां 13 लाख 60 हज़ार 554 युवतम मतदाता हैं। राजस्थान में 12 लाख 82 हज़ार 118 ऐसे मतदाता हैं तो महाराष्ट्र में 11 लाख 99 हज़ार 527 हैं। इस तरह दस लाख से अधिक युवा मतदाता पांच राज्यों में हैं।
 
सबसे कम युवा मतदाता वाला राज्य नागालैंड है, जहां 19 हज़ार 171 ऐसे मतदाता हैं। बिहार में पांच लाख 79 हज़ार 35 युवा मतदाता हैं जबकि असम में सात लाख छह हज़ार 489 हैं। गुजरात में उनकी संख्या सात लाख 68 हज़ार 745 है। हरियाणा में एक लाख 39 हज़ार 821 तो जम्मू-कश्मीर में एक लाख 82 हज़ार 182 हैं। झारखंड में दो लाख 20 हज़ार 724 हैं। पंजाब में दो लाख 55 हज़ार 887 हैं।
 
केन्द्रशासित क्षेत्रों में सर्वाधिक युवा मतदाता दिल्ली में 97 हज़ार 684 हैं। चंडीगढ़ में बारह हज़ार 94 मतदाता हैं। आंकड़ों के अनुसार सबसे कम युवा मतदाता लक्षद्वीप में हैं और उनकी संख्या महज 2337 है। (वार्ता)
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी