Assembly election results 2023 : अब देश की आधी से ज्यादा आबादी पर BJP का राज, कांग्रेस राज सिमटा

रविवार, 3 दिसंबर 2023 (22:30 IST)
Assembly Election Result 2023 : राजस्थान, मध्यप्रदेश, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ में 3 राज्यों में भाजपा जीत की ओर बढ़ती हुई दिखाई दे रही है। 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव 2023 में भाजपा को 3 राज्यों में मिले बहुमत पर औपचारिक रूप में मुहर लग जाने के बाद अब भाजपा के पार कुल 12 राज्यों में सत्ता होगी। जबकि कांग्रेस के पास राजस्थान और छत्तीसगढ़ की हार के बाद केवल 3 राज्यों की कमान रहेगी।

भाजपा ने न सिर्फ 2 नए राज्यों में सरकार बनाने का अधिकार हासिल किया है, बल्कि अब वह देश की 41 प्रतिशत से अधिक आबादी पर खुद अपने बूते राज करने जा रही है। अगर गठबंधन सहयोगियों के लिहाज से सत्ता संभालने की बात करें तो भाजपा अब देश की आधी से ज़्यादा आबादी पर राज कर रही है। इसके विपरीत, 'प्रमुख' कहलाने वाली विपक्षी पार्टी कांग्रेस का शासन अपने बूते देश की सिर्फ 8.51 प्रतिशत आबादी पर रह गया है। हालांकि गठबंधन सहयोगियों के बूते उसकी सत्ता 19.84 प्रतिशत भारतीयों पर है।
केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी इस समय उत्तराखंड, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, गुजरात, गोवा, असम, त्रिपुरा, मणिपुर, अरुणाचल प्रदेश और मध्य प्रदेश में सत्ता में है।

तीन दिसंबर की मतगणना के बाद अब ये लगभग तय माना जा रहा है कि बीजेपी मध्य प्रदेश में सत्ता में बनी रहेगी और वो राजस्थान और छत्तीसगढ़ कांग्रेस से छीनने जा रही है।
ALSO READ: MP Vidhan Sabha Chunav 2023 Result : लाडली बहना के सवाल पर भड़के कैलाश‍ विजयवर्गीय, प्रचंड जीत को बताया मोदी का जादू
इन 12 राज्यों के अलावा 5 और राज्यों जैसे महाराष्ट्र, मेघालय, नगालैंड, सिक्किम और पुडुचेरी में वो सत्तारूढ़ गठबंधन का हिस्सा है। राजस्थान और छत्तीसगढ़ के हारने पर कांग्रेस इस समय केवल हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक में सत्ता में है और अब तेलंगाना में उसकी जीत अब तय मानी जा रही है। 
इसके अलावा बिहार और झारखंड में कांग्रेस सत्तारूढ़ गठबंधनों में शामिल है। तमिलनाडु में वो द्रमुक की सहयोगी ज़रूर है लेकिन राज्य सरकार का वो हिस्सा नहीं है। उल्लेखनीय है भारत में इस समय छह राष्ट्रीय दल बीजेपी, कांग्रेस, बसपा, सीपीएम, नेशनल पीपुल्स पार्टी और आम आदमी पार्टी हैं। एजेंसियां

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी