मैं 40,000 करोड़ रुपए की केंद्रीय निधि बचाने के लिए नहीं बना था मुख्यमंत्री : देवेंद्र फडणवीस

भाषा

सोमवार, 2 दिसंबर 2019 (15:11 IST)
मुंबई। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भाजपा सांसद अनंत कुमार हेगड़े के दावों को खारिज करते हुए कहा कि 40,000 करोड़ रुपए की केंद्रीय निधि को बचाने के लिए मुख्यमंत्री पद की दोबारा शपथ नहीं ली थी।
 
पूर्व केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार हेगड़े ने दावा किया था कि उनकी पार्टी के देवेंद्र फडणवीस को मुख्यमंत्री के नियंत्रण वाली 40,000 करोड़ रुपए की केंद्रीय निधि का ‘दुरुपयोग’ होने से ‘बचाने’ के लिए बहुमत न होने के बावजूद पिछले महीने महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री बनाया गया था।
 
दावों को खारिज करते हुए फडणवीस ने कहा कि न ही केन्द्र ने किसी कोष की मांग की और न ही महाराष्ट्र सरकार ने कोई राशि लौटाई ।
 
ALSO READ: BJP सांसद का दावा, केंद्र के 40000 करोड़ रुपए बचाने के लिए देवेन्द्र फडणवीस को बनाया गया 80 घंटे का CM
 
फडणवीस ने नागपुर में कहा कि यह बिलकुल गलत है और मैं इसे पूरी तरह खारिज करता हूं। केंद्र सरकार की एक कम्पनी बुलेट ट्रेन परियोजना ला रही है, जहां महाराष्ट्र सरकार की भूमिका भूमि अधिग्रहण तक सीमित है। केन्द्र ने न ही किसी कोष की मांग की और न ही महाराष्ट्र सरकार ने उसे वापस किया।
महाराष्ट्र के साथ हुआ विश्वासघात : शिवसेना ने भाजपा सांसद अनंत कुमार हेगड़े के दावे को महाराष्ट्र के साथ विश्वासघात बताया।
 
फडणवीस के इस कथित कृत्य को विश्वासघात बताते हुए शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा कि फडणवीस और भाजपा महाराष्ट्र के लोगों के ‘अपराधी’ हैं। राउत ने बताया कि राज्य के मुख्य सचिव और मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे इस मुद्दे के बारे में बात करेंगे। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी