60 हजार एकड़ से ज्यादा जमीन के मालिक हैं भगवान जगन्नाथ, जानिए किस राज्य में कितनी जमीन?

बुधवार, 28 सितम्बर 2022 (12:37 IST)
पुरी। भगवान जगन्नाथ के नाम 7 राज्यों में 60 हजार एकड़ से ज्यादा जमीन है। ओडिशा सरकार की मंजूरी के बाद, भगवान जगन्नाथ के नाम पर दर्ज भूमि के दस्तावेजों का डिजिटलीकरण किया जाएगा। 
 
श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (एसजेटीए) के मुख्य प्रशासक वीवी यादव ने पुरी के गजपति महाराजा दिव्य सिंह देव की अध्यक्षता में हुई प्रबंधन समिति की बैठक के बाद बताया कि महाप्रभु जगन्नाथ बिजे के नाम पर ओडिशा में 60,426 एकड़ जमीन है तथा छह अन्य राज्यों में 395.252 एकड़ भूमि है।
 
ओडिशा के बाहर भगवान के नाम सबसे ज्यादा 322.930 एकड़ भूमि पश्चिम बंगाल में है। इसके अलावा महाराष्ट्र में 28.21 एकड़, मध्य प्रदेश में 25.11 एकड़, आंध्र प्रदेश में 17.02 एकड़, छत्तीसगढ़ में 1.7 एकड़ और बिहार में 0.27 एकड़ भूमि दर्ज है।
 
यादव ने कहा कि भूमि दस्तावेजों के डिजिटलीकरण की जिम्मेदारी सरकारी संस्था ओडिशा स्पेस एप्लिकेशन सेंटर (ओआरएसएसी) को दी जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार से मंजूरी मिलने के बाद इस प्रक्रिया को शुरू किया जाएगा।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी