भारी बारिश से दिल्ली में आईआईटी फ्लाईओवर के नीचे का एक हिस्सा धंसा, यातायात प्रभावित

शनिवार, 31 जुलाई 2021 (17:30 IST)
नई दिल्ली। आईआईटी-दिल्ली फ्लाईओवर के नीचे सड़क का एक हिस्सा राष्ट्रीय राजधानी में पिछले कुछ दिनों में हुई भारी बारिश के कारण धंस गया जिससे शनिवार को इलाके में यातायात प्रभावित हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। दिल्ली यातायात पुलिस ने ट्विटर पर संदेश पोस्ट कर मुसाफिरों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने के लिए कहा।

ALSO READ: प्रियंका ने किया सरकार पर कटाक्ष, बोलीं- महंगाई जैसे मुद्दों पर संसद में चर्चा से भाग रही है सरकार
 
यातायात पुलिस ने ट्वीट किया कि आईआईटी रेड लाइट (ट्रैफिक सिग्नल) के पास सड़क का एक हिस्सा धंस जाने के बाद अधचीनी से आईआईटी जा रहे यातायात को अधचीनी से कटवरिया सराय की तरफ मोड़ दिया गया है। लोक निर्माण विभाग ने कहा कि दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) की एक भूमिगत लाइन में रिसाव के कारण सड़क का एक हिस्सा धंस गया।

ALSO READ: केरल व महाराष्ट्र से कर्नाटक आने वालों के लिए RT-PCR जांच रिपोर्ट अनिवार्य
 
लोक निर्माण विभाग के प्रधान अभियंता शशि कांत ने बताया कि हमारे अभियंता मौके पर हैं और सड़क को ठीक कर रहे हैं। डीजेबी की एक भूमिगत लाइन में रिसाव के कारण सड़क धंसी। रिसाव के कारण वहां सड़क नीचे से खराब हो गई थी। इसे प्राथमिकता के आधार पर देखा जा रहा है।
 
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक शहर में शनिवार सुबह 8.30 बजे तक 43.6 मिलीमीटर बारिश हुई। मौसम वैज्ञानिकों ने शाम तक मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है। आईएमडी ने शुक्रवार को ऑरेंज अलर्ट जारी कर शनिवार को मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया था। साथ ही राष्ट्रीय राजधानी के निचले इलाकों में जलभराव की आशंका जताते हुए कई स्थानों पर यातायात बाधित होने की चेतावनी दी थी। विभाग ने रविवार के लिए 'येलो' अलर्ट और सोमवार के लिए फिर से 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया है।(भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी