खुशखबर! कई घरेलू हवाई मार्गों पर विमान किराया घटा

शुक्रवार, 30 जून 2023 (23:11 IST)
नई दिल्ली। Air fare reduced on domestic routes: दिल्ली-मुंबई समेत विभिन्न हवाई मार्गों पर किराया घटा है। नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) द्वारा जुटाए गए आंकड़ों के आधार पर किए गए विश्लेषण में यह जानकारी दी गई। हाल के वर्षों में कुछ विशिष्ट मार्गों पर हवाई किराए में भारी उछाल आया था। यह बदलाव मुख्य रूप से गो फर्स्ट का परिचालन निलंबित होने के बाद आया।

डीजीसीए की यातायात निगरानी इकाई के आंकड़ों के अनुसार, दस मार्गों में से दिल्ली-मुंबई मार्ग पर औसत हवाई किराए में 6 जून की तुलना में 29 जून को 74 प्रतिशत गिरावट आई है।
 
इन मार्गों पर भी घटा किराया : इस दौरान दिल्ली-पुणे मार्ग पर हवाई किराए में 70 प्रतिशत, दिल्ली-अहमदाबाद मार्ग पर 72 प्रतिशत और दिल्ली-श्रीनगर मार्ग पर 36 प्रतिशत गिरावट हुई है। हालांकि इस दौरान, कुछ मार्गों पर किराए में बढ़ोतरी भी हुई। मुंबई-दिल्ली और पुणे-दिल्ली मार्गों पर औसत किराया क्रमश: 23 प्रतिशत और 17 प्रतिशत बढ़ा है।
 
इसी महीने कई मार्गों पर हवाई किराया बढ़ गया था, जिसके बाद नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने विमानन कंपनियों के प्रतिनिधियों से उचित कीमत सुनिश्चित करने के लिए प्रणाली स्थापित करने को कहा था। भारत में हवाई किराया नियंत्रित नहीं है और व्यापक रूप से यह मांग-आपूर्ति की स्थिति पर निर्भर करता है। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी