कांग्रेस कार्यसमिति का नहीं होगा चुनाव, खरगे सदस्यों को नामित करने के लिए अधिकृत

शुक्रवार, 24 फ़रवरी 2023 (16:24 IST)
नवा रायपुर। कांग्रेस की संचालन समिति ने शुक्रवार को सर्वसम्मति से फैसला किया कि कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) के सदस्यों को नामित करने के लिए पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे अधिकृत होंगे। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह जानकारी दी। कांग्रेस अध्यक्ष और कांग्रेस संसदीय दल का नेता सीडब्ल्यूसी का स्वत: सदस्य होता है।
 
उन्होंने कहा कि संचालन समिति की बैठक में सर्वसम्मति से फैसला हुआ कि कांग्रेस अध्यक्ष को अधिकार दिया जाए कि वह कार्यसमिति के सदस्य नामित करें। उन्होंने यह भी बताया कि हम कांग्रेस के संविधान में संशोधन ला रहे हैं जिसके तहत कमजोर वर्गों, अनूसूचित जाति, जनजाति, ओबीसी, महिलाओं, युवाओं और अल्पसंख्यक समुदाय के लिए प्रतिनिधित्व सुरक्षित और सुनिश्चित करने के लिए प्रावधान किया जाएगा।
 
कांग्रेस के संविधान में कार्यसमिति का चुनाव कराने या फिर सीडब्ल्यूसी के सदस्यों को नामित करने के लिए अध्यक्ष को अधिकृत करने का भी प्रावधान है। चुनाव होने की स्थिति में सीडब्ल्यूसी के कुल 25 सदस्यों में से 12 सदस्यों का चुनाव होता है और 11 सदस्यों को पार्टी अध्यक्ष द्वारा मनोनीत किया जाता है। कांग्रेस अध्यक्ष और कांग्रेस संसदीय दल का नेता सीडब्ल्यूसी का स्वत: सदस्य होता है।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी