दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम CM केजरीवाल के आवास पर पहुंची, जानिए क्यों

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

शुक्रवार, 2 फ़रवरी 2024 (23:04 IST)
Delhi Chief Minister Arvind Kejriwal News: आम आदमी पार्टी (AAP) के कुछ विधायकों की खरीद-फरोख्त करने का प्रयास करने संबंधी अरविंद केजरीवाल के दावे की जांच के सिलसिले में उन्हें एक नोटिस तामील करने दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा की एक टीम मुख्यमंत्री आवास पर है। हालांकि मुख्‍यमंत्री आवास पर नोटिस लिया नहीं गया। 
 
विधायकों की खरीद-फरोख्त का मामला : आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि अपराध शाखा के अधिकारियों की एक टीम पूछताछ से संबंधित नोटिस देने के लिए केजरीवाल के आवास पर पहुंची। केजरीवाल ने कुछ दिन पहले आरोप लगाया था कि आप के 7 विधायकों से संपर्क किया गया और उनमें से प्रत्येक को दलबदल करने के लिए 25 करोड़ रुपए की पेशकश की गई। 
 
उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि कथित शराब घोटाले में उन्हें गिरफ्तार करने और दिल्ली में उनकी सरकार को गिराने की साजिश रची जा रही है।
 
क्या कहा भाजपा ने : वहीं, भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने पलटवार करते हुए कहा था कि इससे पता चलता है कि केजरीवाल राजनीतिक रूप से कितने हताश हो गए हैं। उनका यह निराधार आरोप अपना राजनीतिक अस्तित्व बचाए रखने की कोशिश है। 
 
उन्होंने कहा था कि यह आरोप कि भाजपा दिल्ली की 70 सदस्यीय विधानसभा में 62 सदस्यों वाले सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी के विधायकों को तोड़ना चाहती है, उसके मानसिक दिवालियापन को दर्शाता है। (एजेंसी/वेबदुनिया) 
Edited by: Vrijendra Singh Jhala
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी