रांची में भीड़ ने किया बिहार के मंत्री पर हमला, बाल-बाल बचे, सुनाई आपबीती

रविवार, 12 जून 2022 (07:40 IST)
पटना। झारखंड की राजधानी रांची में नूपुर शर्मा की गिरफ्तारी की मांग को लेकर चल रहे प्रदर्शन के दौरान भड़की हिंसा में भीड़ ने बिहार के मंत्री नितिन नवीन की कार पर हमला कर दिया। हादसे में वह बाल-बाल बच गए। पटना वापस आने पर उन्होंने आपबीती सुनाई।
 
भाजपा नेता नवीन पड़ोसी राज्य झारखंड में एक पारिवारिक समारोह में शामिल होने के लिए गए थे लेकिन वह सांप्रदायिक दंगे की चपेट में आ गए।
 
नवीन ने कहा कि हम लोग अपने होटल में थे, तभी हमने सुना कि शुक्रवार की नमाज के बाद प्रदर्शन हो रहे हैं। दोपहर तीन बजे के बाद हमें पता चला कि स्थिति नियंत्रण में है। हम लोग अपने घर लौटने के उद्देश्य से वहां से निकल गए।
 
उन्होंने कहा कि उनकी कार जब मुख्य सड़क से गुजर रही थी तभी कहीं से अचानक आए हजारों लोगों ने उनकी कार को चारों तरफ से घेर लिया। अपनी क्षतिग्रस्त कार जिसके शीशे टूटे हुए थे, की ओर इशारा करते नवीन ने कहा कि वह केवल भगवान की कृपा से बच सके।
 
अपने चालक जिसकी सूझ-बूझ से भीड़ के बीच से वहां से बिहार के मंत्री निकल पाए, उसकी प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि भीड़ में से कई लोगों ने उन्हें जरूर चेहरे से पहचान लिया होगा और जो चेहरे से नहीं पहचान पाए होंगे, मेरे कुर्ता पायजामा पहने होने के कारण उन्हें भी पता चल गया होगा कि एक राजनेता वाहन के भीतर है।
 
मंत्री ने कहा कि उन्हें मदद तब मिली जब उन्होंने झारखंड के पुलिस महानिदेशक से फोन पर संपर्क किया, जिन्होंने बिहार में प्रवेश करने तक हमें सुरक्षा देने के लिए दो सुरक्षाकर्मी भेजे।
 

राँची में उपद्रवियों द्वारा बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री श्री @NitinNabin जी पर हमला अति निंदनीय है। झारखंड सरकार उपद्रवियों पर कठोरतम कार्रवाई करे। उपद्रवियों द्वारा इस तरह का हमला निंदनीय है। pic.twitter.com/IU3tkJwCei

— Gopal Jee Thakur (@gopaljeebjp) June 10, 2022
बिहार के मंत्री ने झारखंड प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि इतने सारे लोगों का एक विशेष समय पर सड़कों पर आना एक सुनियोजित साजिश थी और भीड़ में शामिल लोगों को कानून का कोई डर नहीं था। 
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी