विधानसभा के संयुक्त सत्र में हंगामे के आसार
कर्नाटक में जारी हिजाब विवाद के बीच आज सुबह 11 बजे से शुरु हो रहे विधानमंडल के संयुक्त सत्र के हंगामेदार रहने के आसार हैं। इस दौरान मेकेदातू परियोजना के क्रियान्वयन, ठकेदारा संघ द्वारा लगाए गए कमीशन लेने के आरोपों और अन्य चीजों से जुड़े मामले गरमा सकते हैं।
विधानसभा अध्यक्ष विश्वेश्वर हेगड़े कागेरी ने शनिवार को कहा कि कई सालों के बाद राज्यपाल संयुक्त सत्र के लिए विधानसभा कक्ष में कदम रखेंगे। सत्र के हंगामेदार रहने की उम्मीद है क्योंकि प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस कई मुद्दों पर सरकार को घेर सकती है, जिसमें हिजाब विवाद, कानून व्यवस्था की स्थिति शामिल है।
हिजाब विवाद ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है। नेताओं, मंत्रियों और नौकरशाहों के खिलाफ कर्नाटक राज्य ठेकेदार संघ द्वारा लगाए गए 40 प्रतिशत कमीशन के आरोपों का मुद्दा भी कांग्रेस उठा सकती है। वहीं भाजपा ने कांग्रेस पर इस मुद्दे का राजनीतिकरण करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। विपक्ष के नेता सिद्धारमैया ने सत्र की रणनीति पर चर्चा के लिए 14 फरवरी को कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई है।