95 साल के हुए लालकृष्ण आडवाणी, घर पहुंचे पीएम मोदी और राजनाथ सिंह

मंगलवार, 8 नवंबर 2022 (11:28 IST)
नई दिल्ली। वरिष्‍ठ भाजपा नेता और पूर्व प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी आज 95 वर्ष के हो गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आडवाणी के घर पहुंचकर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी।
 
प्रधानमंत्री हर साल आडवाणी के जन्मदिन पर बधाई देने के लिए उनके घर जाते हैं। इस बार भी उन्होंने पुष्पगुच्छ सौंपकर आडवाणी को बधाई दी।

राजनाथ सिंह ने ट्वीट कर कहा कि आदरणीय आडवाणीजी के आवास पर जाकर उन्हें जन्मदिवस की शुभकामनाएँ दीं। मैं भगवान से उनके अच्छे स्वास्थ्य और लम्बी आयु की कामना करता हूं।
 
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर बधाई दी है। उन्होंने लिखा कि आदरणीय लालकृष्ण आडवाणी जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आडवाणी जी ने अपने सतत परिश्रम से एक ओर देशभर में संगठन को मजबूत किया तो वहीं दूसरी ओर सरकार में रहते हुए देश के विकास में अमूल्य योगदान दिया। ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य व सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूं।
 
आडवाणी का जन्म सिंध प्रांत (अब पाकिस्तान) के कराची शहर में एक सिंधी हिंदू परिवार में हुआ था। वह पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में देश के गृह मंत्री और उप प्रधानमंत्री रहे।
 
राष्ट्रीय क्षितिज पर भाजपा के उभार का सबसे बड़ा श्रेय आडवाणी को ही दिया जाता है। उन्होंने 80 के दशक में अयोध्या में राम मंदिर बनाने के लिए यात्रा निकाली थी और इसके बाद देश भर में भाजपा का जनाधार बढ़ता ही चला गया।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी