सीमापार गोलीबारी में जवानों की मौत से शिवसेना चिंतित

बुधवार, 17 जनवरी 2018 (17:37 IST)
मुंबई। शिवसेना ने सीमा पार से गोलीबारी की घटनाओं में जवानों के मारे जाने पर चिंता व्यक्त की और कहा कि कब तक देश पाकिस्तानी सैनिकों और आतंकवादियों के हमलों को बर्दाश्त करता रहेगा।
 
 
पार्टी ने सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत के हालिया बयान की भी सराहना की है। सेना प्रमुख ने हाल ही में पाकिस्तानी आतंकवादियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी देते हुए जम्मू कश्मीर में पाकिस्तानी मंसूबों को कामयाब नहीं होने देने की बात कही थी। पार्टी ने दावा किया कि बिना किसी युद्ध के पिछले 13 साल में सीमा पार गोलीबारी में 1600 जवान मारे गए हैं, जो कि गंभीर मसला है।
 
शिवसेना ने कहा, सेना दिवस के दिन भारतीय सेना ने हालांकि कुछ आंतकवादियों को मार गिराया, लेकिन यह सामने आया है कि हर तीसरे दिन सीमा पार गोलीबारी में एक भारतीय जवान मारा जा रहा है। पार्टी ने अपने मुखपत्र सामना के संपादकीय में कहा, इसलिए वास्तविक प्रश्न यह खड़ा होता है कि हमें कब तक पाकिस्तान की इन हरकतों को बर्दाश्त करना पड़ेगा? बिना किसी युद्ध के भारतीय सेना ने पिछले 13 वर्षों में 1684 जवानों को खो दिया। यह भयावह जानकारी है, क्योंकि जवान पाकिस्तान गोलीबारी और आतंकवादी गतिविधियों में मारे गए हैं। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी