मानसून अपडेट: आगे बढ़ा दक्षिण-पश्चिम मानसून, कुछ ही घंटों में यहां होगी भारी बारिश...

शनिवार, 3 जून 2017 (08:26 IST)
पुणे। दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल में आगे बढ़ गया है और इसके अगले 48 घंटों में दक्षिण अरब सागर, लक्षद्वीप और केरल, दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक, रॉयलसीमा और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में पहुंच जाने का अनुमान है। इस वजह से यहां भारी बारिश का अनुमान है। 
 
दक्षिण-पश्चिम मानसून के दक्षिणी प्रायद्वीप, अरब सागर और बंगाल की खाड़ी की ओर बढ़ने के लिए स्थितियां अनुकूल हैं और इसके 7 जून तक इन स्थानों पर पहुंच जाने का अनुमान है। मानसून पूर्वोत्तर बंगाल की खाड़ी, अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों, नगालैंड, मणिपुर और मिजोरम तथा त्रिपुरा, असम और मेघालय के ज्यादातर हिस्सों में पहुंच चुका है। 
 
उन्होंने बताया कि जिन क्षेत्रों में दक्षिण-पश्चिम मानसून अभी तक नहीं पहुंचा है, वहां दिन के तापमान में कुछ वृद्धि दर्ज की गई। बिहार, सौराष्ट्र, कच्छ और रायलसीमा तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य से बहुत अधिक दर्ज किया गया। ओडिशा, कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में तापमान सामान्य से बहुत अधिक दर्ज किया गया। 
 
पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, मध्य महाराष्ट्र, तटीय आंध्रप्रदेश, तेलंगाना और तमिलनाडु तथा रायलसीमा के शेष हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। उत्तरप्रदेश, पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी मध्यप्रदेश के कुछ हिस्सों में तापमान सामान्य से कुछ कम रहा जबकि हरियाणा के कुछ हिस्सों, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान और तटीय कर्नाटक में तापमान सामान्य से बहुत कम दर्ज किया गया। (वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें