Nobel Prizes in Physics 2023 : भौतिकी के नोबेल पुरस्कार का ऐलान, पियरे एगोस्टिनी, फेरेंक क्रॉस्ज और ऐनी एल'हुइलियर को मिला सम्मान

मंगलवार, 3 अक्टूबर 2023 (16:54 IST)
स्टॉकहोम। Nobel Prizes in Physics 2023 :  भौतिकी में 2023 का नोबेल पुरस्कार पियरे एगोस्टिनी, फेरेंक क्रॉस्ज और ऐनी एल'हुइलियर को प्रदान किया गया है। पदार्थ में इलेक्ट्रॉनों की गतिशीलता का अध्ययन करने के तरीके विकसित करने के लिए इन वैज्ञानिकों को इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए चुना गया है।
 
नोबेल समिति ने एक्स पर कहा कि रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज ने पदार्थ में इलेक्ट्रॉन गतिशीलता के अध्ययन के लिए प्रकाश के एटोसेकंड पल्स उत्पन्न करने वाले प्रयोगात्मक तरीकों के लिए पियरे एगोस्टिनी, फेरेंक क्रूज और ऐनी एल'हुइलियर को भौतिकी में 2023 का नोबेल पुरस्कार देने का फैसला किया है।
 
‘पदार्थ में इलेक्ट्रॉन गतिशीलता के अध्ययन के लिए प्रकाश के एटोसेकंड पल्स उत्पन्न करने के प्रायोगिक तरीकों’ के लिए यह पुरस्कार इन वैज्ञानिकों को दिया जाएगा। इस पुरस्कार के तहत दी जाने वाली राशि इस साल बढ़ाकर 1.1 करोड़ स्वीडिश क्राउन (करीब 10 लाख अमेरिकी डॉलर) कर दी गई है। 
 
यह प्रतिष्ठित पुरस्कार रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज की ओर से प्रदान किया जाता है।
 
यह इस सप्ताह यह दूसरा नोबेल पुरस्कार घोषित किया गया है। चिकित्सा का नोबेल पुरस्कार काटालिन कारिको और ड्रयू वीसमैन को एमआरएनए कोविड-19 टीकों के विकास में योगदान के लिए देने की घोषणा सोमवार को की गई थी। 
हंगरी के वैज्ञानिक कैटालिन कारिको और अमेरिकी सहयोगी ड्रयू वीसमैन को एमआरएनए मॉलीक्यूल की खोज के लिए पुरस्कार जीता है।
 
1901 से अब तक भौतिकी में 116 नोबेल पुरस्कार दिए गए हैं। इनमें चार महिलाएं शामिल हैं। वर्ष 1903 में मैरी क्यूरी, 1963 में मारिया गोपेर्ट मेयर, 2018 में डोना स्ट्रिकलैंड और 2020 में आंद्रिया घेज को नोबल पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
 
नोबेल पुरस्कार डायनामाइट के आविष्कारक और व्यवसायी अल्फ्रेड नोबेल की वसीयत के तहत स्थापित पुरस्कार है। यह पुरस्कार विज्ञान, साहित्य और शांति लाने के लिए हासिल की गई उपलब्धियों के लिए 1901 से निरंतर प्रदान किए जा रहे हैं। यह दुनिया भर में वैज्ञानिकों के लिए सर्वोच्च सम्मान है।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी