Rahul Gandhi targeted BJP: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने मध्यप्रदेश में 2 सैन्य अधिकारियों (military officers) और उनकी 2 महिला मित्रों पर कथित हमले तथा इनमें से 1 महिला से दुष्कर्म की घटना को लेकर गुरुवार को नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों को लेकर भाजपा की सरकारों का रवैया नकारात्मक है। उन्होंने यह दावा भी किया कि भाजपा शासित राज्यों में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगभग ध्वस्त हो चुकी है।
राहुल गांधी ने 'एक्स' पर पोस्ट किया कि मध्यप्रदेश में सेना के 2 जवानों के साथ हिंसा और उनकी महिला साथी के साथ दुष्कर्म पूरे समाज को शर्मसार करने के लिए काफी है। भाजपा शासित राज्यों की कानून व्यवस्था लगभग अस्तित्वहीन है और महिलाओं के खिलाफ दिन-प्रतिदिन बढ़ते अपराधों पर भाजपा सरकार का नकारात्मक रवैया अत्यंत चिंताजनक।
जिम्मेदारी से कब तक आंख चुराएंगे? : उन्होंने कहा कि अपराधियों का ये दुस्साहस प्रशासन की पूर्ण नाकामी का परिणाम है और इस कारण देश में पनपता असुरक्षित वातावरण भारत की बेटियों की स्वतंत्रता, उनकी आकांक्षाओं पर बंदिश है। राहुल गांधी का कहना था कि समाज और सरकार दोनों के लिए यह शर्मिंदगी का विषय है और उन्हें गंभीरता से विचार करना चाहिए कि देश की आधी आबादी की रक्षा की जिम्मेदारी से कब तक आंख चुराएंगे?
हर दिन 86 महिलाएं बलात्कार और बर्बरता का शिकार : उन्होंने कहा कि देश में हर दिन 86 महिलाएं बलात्कार और बर्बरता का शिकार हो रही हैं। घर से लेकर बाहर तक औरसड़क से लेकर दफ्तर तक महिलाएं कहीं भी सुरक्षित नहीं हैं। देश की आधी आबादी न सिर्फ असुरक्षित है बल्कि ऐसी बर्बरताओं की वजह से हर दिन करोड़ों महिलाओं का हौसला टूटता है।