Weather Updates: देशभर में प्रचंड गर्मी का अलर्ट, चक्रवात 'मोचा' के कारण भारी बारिश का अनुमान

गुरुवार, 11 मई 2023 (08:41 IST)
Aaj Ka Mausam: नई दिल्ली। भारत के अधिकांश राज्यों में भीषण गर्मी शुरू हो गई है और  तापमान औसत से अधिक बना हुआ है। कुछ राज्यों में बारिश (rain) की संभावना भी है'। आईएमडी (IMD) के मुताबिक साइक्लोन मोचा के प्रभाव के कारण पश्चिम बंगाल और ओडिशा समेत दक्षिण भारतीय राज्यों में अगले कुछ दिनों तक तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है। आईएमडी ने भी तेज गर्मी का अलर्ट जारी किया है।
 
मौसम विभाग ने तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराइकल में आज बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। पूर्वोत्तर भारत के नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा में 13 मई को तेज बारिश हो सकती है, जबकि अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय में 14 मई को व्यापक वर्षा का पूर्वानुमान आईएमडी ने जताया है।
 
चक्रवात 'मोचा' के कारण अंडमान में भारी बारिश होने का अनुमान : बंगाल की खाड़ी में एक चक्रवाती परिसंचरण अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में पोर्ट ब्लेयर के पास एक गहरे दबाव के क्षेत्र में बदल गया है और संभवत: बुधवार शाम तक यह पूर्ण विकसित चक्रवात का रूप ले लेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।
 
चक्रवाती तूफान पर करीब से नजर रख रहे आईएमडी ने कहा कि इसके रविवार को बांग्लादेश में कॉक्स बाजार और म्यांमा में क्यॉकप्यू के बीच दस्तक देने का अनुमान है। आईएमडी ने कहा कि 12 मई को, यह मध्य बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्व और आसपास के क्षेत्रों में एक बहुत ही गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल जाएगा।
 
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, कोलकाता में निदेशक (मौसम), जी.के. दास ने एक बयान में कहा कि गहरे दबाव का क्षेत्र कुछ समय के लिए उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ सकता है और फिर उत्तर-उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ते हुए शाम में इसी क्षेत्र में धीरे-धीरे चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है।
 
बयान के अनुसार कि यह गहरे दबाव का क्षेत्र उत्तर-उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ता रहेगा। बाद में, धीरे-धीरे 11 मई को यह प्रचंड चक्रवाती तूफान में और 12 मई को दक्षिण पूर्व एवं उससे लगे मध्य बंगाल की खाड़ी के क्षेत्रों में अति प्रचंड चक्रवाती तूफान का रूप ले लेगा। इसके बाद इसके धीरे-धीरे 13 मई तक कमजोर होने की संभावना है।
 
राजधानी दिल्ली में बढ़ेगा तापमान : भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अधिकारियों ने बुधवार को अनुमान व्यक्त किया कि राष्ट्रीय राजधानी में आगामी दो से तीन दिन में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस पहुंच सकता है, लेकिन अभी एक और सप्ताह तक भीषण गर्मी एवं 'लू' चलने की संभावना नहीं है।
 
आईएमडी के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र को प्रभावित करेगा जिसके प्रभाव के चलते 13 मई को दिल्ली में धूलभरी आंधी चलने और बूंदाबांदी होने की संभावना है, जिससे गर्मी से अस्थायी राहत मिल सकती है।
 
उन्होंने कहा कि आगामी कुछ दिन आसमान साफ रहने और अधिकतम तापमान बढ़ने की संभावना है और इसके 12-13 मई को 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, लेकिन 16-17 मई तक 'लू' चलने की संभावना नहीं है। दिल्ली में बुधवार को न्यूनतम तापमान 20.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य मौसम से तीन डिग्री कम है।
 
राजस्थान में अधिकांश हिस्सों में तापमान में बढ़ोतरी : राजस्थान में बुधवार को बाड़मेर का अधिकतम तापमान 43.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और यह प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा। मौसम विभाग ने इसकी जानकारी दी ।
 
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को धौलपुर एवं डूंगरपुर में अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस, जैसलमेर और फलोदी (जोधपुर) में 42.4 डिग्री, जोधपुर में 42.1 डिग्री, टोंक में 41.7 डिग्री, कोटा में 41.3 और भीलवाड़ा और वनस्थली (टोंक) में 41.2-41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अन्य इलाकों में दिन का तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। विभाग ने आगामी दिनों में प्रदेश में तापमान के और बढ़ने की संभावना जताई है।
 
आज के मौसम की संभावित गतिविधि : स्काईमेट के अनुसार आज अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में मध्यम से भारी बारिश संभव है। अंडमान सागर और बंगाल की दक्षिणपूर्व खाड़ी में समुद्र की स्थिति बहुत खराब रहेगी। लहर की ऊंचाई बहुत अधिक होगी, 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तथा बीच-बीच में 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
 
कर्नाटक, केरल, दक्षिण मध्य महाराष्ट्र और अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। असम, तमिलनाडु के सिक्किम भागों और तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश संभव है। उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में दिन का तापमान और बढ़ सकता है।
 
Edited by: Ravindra Gupta

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी