यूपी-बिहार उपचुनावों के नतीजों पर बोले शत्रुघ्न सिन्हा, सभी सीट बेल्ट बांध लो...

गुरुवार, 15 मार्च 2018 (10:14 IST)
वरिष्‍ठ भाजपा नेता और फिल्म अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने यूपी-बिहार उपचुनावों में पार्टी की करारी हार पर तीखा तंज कसते हुए कहा कि यहां वास्तव में हमें सीट बेल्ट बांधने की आवश्यकता है। 
 
उन्होंने एक ट्वीट में कहा कि लंदन से भारत लौटते समय जेट एयरवेज में जोरदार स्वागत हुआ। कितना सुरक्षित और आरामदायक सफर था। पर यहां भारत में यूपी-बिहार उपचुनाव के नतीजों को देखते हुए लगता है कि वास्तव में यहां हमें सीट बेल्ट बांधने की आवश्यकता है। 
 
एक अन्य ट्वीट में शत्रुघ्न सिन्हा ने चेतावनी देते हुए कहा कि सर, उत्तर प्रदेश और बिहार के उपचुनाव परिणाम आपको और हमारे लोगों को अपनी सीटबेल्ट कस के बांधने कर रखने लिए भी कह रहे हैं। आगे का समय काफी कठिन है। आशा और प्रार्थना करते हैं कि हम इस संकट से जल्द ही उभरेंगे, जितनी जल्दी हो सके उतना अच्छा होगा। परिणाम हमारे राजनीतिक भविष्य के बारे में कई बातें कर रहे हैं... हम इसे हल्के में नहीं ले सकते।'

उल्लेखनीय है कि गोरखपुर और फूलपुर लोकसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव में समाजवादी पार्टी का परचम लहराया है। यह दोनों उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री की सीटें थीं। साथ ही पार्टी को बिहार की अररिया लोकसभा सीट और जहानाबाद विधानसभा सीट पर भी हार का सामना करना पड़ा।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी