सोनिया गांधी 2019 का चुनाव रायबरेली से लड़ेंगी : प्रियंका गांधी

शनिवार, 16 दिसंबर 2017 (17:49 IST)
नई दिल्ली। प्रियंका गांधी वाड्रा ने उनके द्वारा 2019 का लोकसभा चुनाव रायबरेली से लड़ने की अटकलों पर विराम लगाते हुए आज कहा कि उनकी मां सोनिया गांधी ही उत्तरप्रदेश के इस संसदीय क्षेत्र से फिर लड़ेंगी। रायबरेली का अभी लोकसभा में प्रतिनिधित्व सोनिया गांधी कर रही हैं। सोनिया ने ही कांग्रेस अध्यक्ष पद का दायित्व अपने पुत्र राहुल गांधी को सौंपा जो गत 11 जनवरी को इस पद के लिए निर्विरोध निर्वाचित हुए थे।
 
मीडिया में इस बात की अटकलें लगाई जा रही हैं कि प्रियंका अपने भाई राहुल की सहायता करने के लिए सक्रिय राजनीति में आ सकती हैं। सोनिया द्वारा कल अपने ‘रिटायर’ होने का संकेत दिए जाने के बाद इन अटकलों को और बल मिला। बहरहाल, कांग्रेस ने कल ही स्पष्टीकरण दिया था कि सोनिया कांग्रेस अध्यक्ष पद से सेवानिवृत्त हो रही हैं, सक्रिय राजनीति से नहीं।
राहुल द्वारा पार्टी मुख्यालय में कांग्रेस अध्यक्ष का दायित्व संभालने के बाद प्रियंका ने कहा कि ‘मेरे लड़ने (2019 में) का कोई सवाल नहीं है...मेरी मां वहां (रायबरेली) से लड़ेंगी।’ उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में 19 साल के रिकॉर्ड कार्यकाल में भारी चुनौतियों का सामना करने के लिए अपनी मां की सराहना करते हुए उन्हें बहुत ‘साहसी’ महिला बताया। वर्तमान लोकसभा में उत्तरप्रदेश से कांग्रेस केवल दो सदस्य हैं जिनमें रायबरेली से सोनिया और अमेठी से राहुल हैं। (भाषा) 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी