MCD में मारपीट, भाजपा ने आतिशी को क्यों कहा 'खलनायिका'?

शनिवार, 25 फ़रवरी 2023 (14:15 IST)
नई दिल्ली। भाजपा ने शनिवार को आप की विधायक आतिशी पर MCD की 6 सदस्यीय स्थायी समिति के चुनाव के दौरान मारपीट की साजिश रचने का आरोप लगाया और उन्हें ‘खलनायिका’ करार दिया। भाजपा की दिल्ली इकाई ने ट्विटर पर एक पोस्टर साझा किया है, जिसमें आप विधायक आतिशी, दुर्गेश पाठक और दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की महापौर शैली ओबेरॉय की तस्वीर है।

पोस्टर के साथ लिखा है, 'सदन में मारपीट और तानाशाही करवाने वाली ‘आप’ की ‘खल-नायिका’। पोस्टर पर लिखा गया है, 2023 की सबको चौंका देने वाली नौटंकी।
 
इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमे आप नेता आतिशी मार्लेना एक महिला पार्षद के कान में कुछ कहती हुई दिखाई दे रही हैं। फिर यह महिला पार्षद भड़क जाती है और जमकर हंगामा करती है। भाजपा का आरोप है कि आतिशी ने पार्षद को मारपीट करने के लिए कहा।
 
दिल्ली की पूर्व मेयर और बीजेपी नेता आरती मेहरा ने दावा किया है कि उनके पास एक वीडियो है। इसमें आतिशी अपनी एक महिला पार्षद को निर्देश दे रही हैं कि मारो और फिर एक के बाद एक लोग मारने के लिए आ जाते हैं। हम इसकी हर जगह शिकायत करेंगे। सबसे पहले हम कोर्ट जाएंगे।
 
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को महापौर शैली ओबेरॉय द्वारा नगर निगम की एक प्रमुख समिति के 6 सदस्यों के चुनाव में एक मत को ‘अवैध’ घोषित किए जाने के बाद भाजपा और आप के सदस्यों के बीच जमकर हाथापाई हुई और लात-घूंसे चले। हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही 27 फरवरी तक स्थगित कर दी गई।
Edited by : Nrapendra Gupta 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी