हरियाणा के अंबाला में गोलीबारी में 2 लोगों की मौत, 2 घायल

गुरुवार, 25 मार्च 2021 (19:31 IST)
अंबाला। हरियाणा के अंबाला शहर में गुरुवार को हमलावरों द्वारा की गई गोलीबारी में 2 लोग मारे गए और 2 अन्य घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतकों की पहचान राहुल (34) और पंकज उर्फ पंजा (28) के रूप में हुई है। उन्होंने कहा कि घायलों में से एक गौरव को गंभीर स्थिति के चलते पीजीआईएमईआर चंडीगढ़ रेफर किया गया है, जबकि घायल दूसरे व्यक्ति को यहां सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि चारों लोग पंजाब के मोहाली के पास स्थित एक गांव से एक अदालती मामले के चलते अंबाला आए थे और घटना के समय वे एक कार से अपने घर लौट रहे थे।

उन्होंने कहा कि जब ये लोग अंबाला-राजपुरा राजमार्ग पर कालका चौक पहुंचे तो एक कार में आए हमलावरों ने उन पर गोलीबारी कर दी और फरार हो गए। पुलिस के अनुसार घटना दो समूहों में आपसी दुश्मनी का नतीजा हो सकती है।

घटना की सूचना मिलने के बाद अंबाला रेंज के पुलिस महानिरीक्षक वाईपी कुमार और पुलिस अधीक्षक हामिद अख्तर सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और वे सिविल अस्पताल भी गए। अख्तर ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।

इस बीच, पुलिस उपाधीक्षक सुल्तान सिंह ने कहा कि हमलावरों का पता लगाने के लिए पुलिस की टीम गठित की गई हैं और कालका चौक के पास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है।(भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी