BJP : तेलंगाना विधानसभा चुनाव के लिए BJP ने कसी कमर, महीना भर चलेंगी रैलियां, PM मोदी करेंगे समापन

बुधवार, 1 मार्च 2023 (16:52 IST)
नई दिल्‍ली। Telangana Assembly Elections News : तेलंगाना विधानसभा चुनावों (Telangana Assembly Elections) को लेकर तैयारियों में जुटी भाजपा (BJP) अगले एक महीने तक राज्यव्यापी बड़ा अभियान चलाएगी। ‘प्रजा गोसा, भाजपा भरोसा’ नाम के इस अभियान में पार्टी के तमाम प्रमुख नेता सभी 119 विधानसभा सीटों पर रैलियां करेंगे। भाजपा के बड़े नेताओं की भी 10 बड़ी रैलियां होंगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हैदराबाद में होने वाली बड़ी रैली के साथ इसका समापन करेंगे।
मंगलवार को भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर तेलंगाना को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, महासचिव संगठन बीएल संतोष, प्रभारी महासचिव सुनील बंसल एवं तरुण चुग के साथ राज्य के प्रमुख नेता मौजूद थे। इस साल के अंत में होने वाले राज्य विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी के अभियान को गति देने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों पर चर्चा की गई।
 
प्रजा गोसा भाजपा भरोसा अभियान : ‘प्रजा गोसा, भाजपा भरोसा’ अभियान के तहत राज्य की बीआरएस सरकार पर निशाना साधा जाएगा और राज्य सरकार की विफलताओं को सामने रखा जाएगा। भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव की सरकार को घेरा जाएगा। चूंकि अभियान में भाजपा के सभी बड़े नेता उतरेंगे, इसलिए माहौल भी बनेगा। राज्य में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं। हालांकि, चर्चाएं हैं कि केसीआर समय से पहले चुनाव करा सकते हैं। ऐसे में भाजपा के अभियान का महत्व बढ़ जाता है।
 
घोटाले को लेकर हुई चर्चा : खबरों के मुताबिक बैठक में सीबीआई द्वारा दिल्ली के उपमुख्यमंत्री रहे मनीष सिसोदिया को कथित शराब घोटाले में गिरफ्तार किए जाने के बाद की स्थितियों पर भी चर्चा हुई। 
 
भाजपा का कहना है कि बीआरएस सांसद के. कविता भी इस घोटाले में शामिल हैं। सीबीआई ने इस मामले में हैदराबाद के एक चार्टर्ड अकाउंटेंट को गिरफ्तार किया है। भाजपा ने आरोप लगाया है कि कविता के साथ उसके संबंध हैं। एजेंसियां Edited By : Sudhir Sharma

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी