भैस को बचाने में नदी में जा गिरी बस, 12 की मौत, 49 घायल

बुधवार, 21 नवंबर 2018 (15:30 IST)
कटक। ओडिशा के बाहरी क्षेत्र में जगतपुर के निकट मंगलवार की शाम एक बस के पुल से महानदी नदी में गिरने से कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई और 49 अन्य घायल हो गए।
 
उन्होंने बताया कि तालचर से कटक जा रही निजी बस पुल की रेलिंग से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई और 30 फुट नीचे सूखी नदी में गिर गई।
 
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक भैंस के सामने आने से बस चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। चालक ने जानवर को बचाने के लिए बस को मोड़ दिया और इस वजह से यह हादसा हुआ।
 
कटक से पुलिसकर्मी, अग्निशमन कर्मी और ओडिशा आपदा राहत कार्यबल (ओडीआरएएफ) के साथ मौके पर पहुंचे।
 
मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुकांत सेठी ने बताया कि बस के अंदर फंसे सभी यात्रियों को बचा लिया गया और उन्हें इलाज के लिए एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया है। 
 
इस बीच मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया और खेल मंत्री चन्द्र सारथी बेहरा को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के लिए दो-दो लाख रुपए की अनुग्रह राशि की घोषणा की है। (भाषा) 
चित्र सौजन्य : फाइल फोटो 
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी