मुंबई में बिल्डिंग की छत से गिरकर एक मीडियाकर्मी की मौत

रविवार, 6 जनवरी 2019 (17:29 IST)
मुंबई। मुंबई के उपनगरीय क्षेत्र गोरेगांव में रविवार को 49 वर्षीय एक मीडियाकर्मी की एक बिल्डिंग की छत से गिरने से मौत हो गई। गोरेगांव थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संजय भोले ने बताया कि सिद्धार्थ नगर की त्रिमूर्ति सोसायटी में 7वें तल पर रहने वाले आदर्श मिश्रा सुबह की सैर के लिए छत पर गए थे, तभी वहां से वे नीचे गिर गए।
 
 
भोले के अनुसार अब तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि यह दुर्घटना है या आत्महत्या? मिश्रा रोज छत पर घूमने जाते थे। पुलिस निरीक्षक ने कहा कि बिल्डिंग के 7वें तल पर लगे सीसीटवी में मिश्रा ट्रैक पैंट और टीशर्ट पहने हुए सीढ़ी पर छत की ओर जाते हुए नजर आ रहे हैं। उनके हाथ में रूमाल है तथा इस बिल्डिंग की लॉबी में लगे एक अन्य सीसीटीवी में वे सुबह करीब 10.30 बजे छत से गिरते हुए नजर आ रहे हैं लेकिन यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि वे कैसे गिरे?
 
पुलिस अधिकारी के अनुसार मिश्रा को समीप के सिद्धार्थ अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस उनकी मौत की सटीक वजह का पता लगाने के लिए उस बिल्डिंग और आसपास की सोसायटियों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
 
उन्होंने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद मिश्रा का शव उनके परिवार को सौंपा जाएगा। इस घटना की जांच चल रही है। मिश्रा डीएनए अखबार में उपाध्यक्ष थे और कुछ ही महीने पहले उन्होंने अपनी यह नौकरी छोड़ी थी। पुलिस के मुताबिक वे वोकहार्ड्ट फाउंडेशन में भी काम कर चुके थे। उन्हें मीडिया और मनोरंजन उद्योग का 18 साल का अनुभव था। उन्होंने इंडियन एक्सप्रेस, आनंद बाजार पत्रिका और लोकमत ग्रुप में भी काम किया था।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी