40 दिन की पैरोल पर जेल से बाहर आया बाबा राम रहीम, सोशल मीडिया पर दिया संदेश

शनिवार, 15 अक्टूबर 2022 (12:13 IST)
बागपत। हरियाणा की सुनारिया जेल में यौन शोषण मामले में 20 साल जेल की सजा काट रहे डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम 40 दिन के पेरोल पर जेल से बाहर आ गए। बरनावा स्थित आश्रम पहुंचने के बाद राम रहीम ने सोशल मीडिया पर अपने अनुयायियों को संदेश भी दिया।
 
पैरोल पर रिहा होने के बाद उन्हें कड़ी सुरक्षा में यूपी के बागपत जिले में स्थित बरनावा आश्रम पहुंचाया गया। राम रहीम के स्वागत के लिए परिवार वालों के साथ ही हनीप्रीत भी मौजूद थीं। राम रहीम बरनावा आश्रम में ही दीपावली मनाएगा।
 
बरनावा सच्चा सौदा आश्रम पहुंचते ही डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम ने सोशल मीडिया पर अपने अनुयायियों को संदेश दिया। उसने सभी अनुयायियों को बधाई दी और अनुशासन बनाए रखने की अपील की।
 
राम रहीम की पैरोल पर रिहाई को 3 नवंबर को होने वाले हरियाणा के आदमपुर विधानसभा उपचुनाव और पंचायत चुनाव से भी जोड़कर देखा जा रहा है। विपक्ष का आरोप है कि आगामी चुनावों को देखते हुए ही बाबा को भाजपा ने पैरोल पर रिहा कराया है।
 
वह 17 जून को भी 30 दिन का पैरोल लेकर बरनावा आश्रम आया था। पैरोल खत्म होने के बाद उसे 18 जुलाई को सुनारिया जेल ले जाया गया था। इससे पहले फरवरी में भी उसकी 3 सप्ताह की फर्लो मंजूर की गई थी।
 
Edited by : Nrapendra Gupta (एजेंसियां)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी