दिल्‍ली में चलती बाइक पर महिला ने चालक को लगाया गले, वायरल वीडियो के बाद कटा 11 हजार का चालान

गुरुवार, 20 जुलाई 2023 (23:12 IST)
11000 rupees fine on the driver : चलती बाइक की पेट्रोल टंकी पर बैठकर महिला द्वारा दुपहिया चालक को गले लगाने का वीडियो वायरल होने के बाद दिल्ली यातायात पुलिस ने चालक पर 11000 रुपए का जुर्माना लगाया है। वीडियो में पुरुष को बाइक चलाते और महिला को पेट्रोल टंकी पर चालक की ओर मुंह करके बिना हेलमेट के बैठे और चालक को गले लगाते हुए देखा जा सकता है।
 
आरोपी दुपहिया चालक को कई वाहनों को ओवरटेक करते भी देखा जा सकता है। दिल्ली पुलिस ने एक ट्वीट में कहा, खतरनाक तरीके से दुपहिया वाहन चलाने के वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए दिल्ली यातायात पुलिस ने अपराधी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। कुल 11000 रुपए का जुर्माना भी लगाया गया है।
 
पुलिस ने कहा कि उन्होंने दुपहिया चालक के खिलाफ बिना हेलमेट और बिना लाइसेंस के वाहन चलाने, खतरनाक तरीके से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है। यातायात पुलिस ने लोगों से सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने का अनुरोध किया है और फिल्मी दृश्यों की नकल नहीं करने को कहा है।
फोटो सौजन्‍य : सोशल मीडिया
Edited By : Chetan Gour (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी