वरिष्ठ कांग्रेसी नेता पतंगराव कदम का मुम्बई में निधन

शनिवार, 10 मार्च 2018 (00:30 IST)
मुम्बई। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री पतंगराव कदम का शुक्रवार रात यहां एक अस्पताल में निधन हो गया। पारिवारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी है।


महाराष्ट्र कांग्रेस ने भी उनके निधन की पुष्टि की है। वह 72 साल के थे। उनके परिवार में बेटा विश्वजीत कदम है। युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता विश्वजीत कदम ने वर्ष 2014 के आम चुनाव में पुणे सीट से चुनाव लड़ा था लेकिन वह हार गए थे।

आज दिन में कांग्रेस की दिग्गज नेता सोनिया गांधी लीलावती अस्पताल गई थीं, जहां कदम का किडनी का इलाज चल रहा था। वह पिछले कुछ दिनों से जीवन रक्षक प्रणाली पर थे क्योंकि उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई थी।

पश्चिमी महाराष्ट्र के सांगली जिले में निम्न मध्य वर्गीय परिवार में पैदा हुए कदम राजनीति और शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से काफी आगे गए। वह कांग्रेस से जुड़ गए और चार बार विधानसभा के लिए चुने गए।

उन्होंने भारती विद्यापीठ डीम्ड विश्वविद्यालय की भी स्थापना की। वह कांग्रेस- राकांपा सरकार में सहकारिता एवं वन जैसे अहम विभागों का कामकाज संभाला। वह महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम के अध्यक्ष भी रहे। (भाषा) 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी