सिक्किम के व्यक्ति को 'चीनी' कहकर की बेरहमी से पिटाई

Webdunia
शनिवार, 19 अगस्त 2023 (19:28 IST)
Sikkimese man thrashed : बेंगलुरु में सिक्किम के एक व्यक्ति (31) को अज्ञात लोगों ने चीनी कहकर उसकी बेरहमी से पिटाई की जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और हमले में शामिल व्यक्तियों का पता लगाने के लिए वह सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
 
बेंगलुरु पुलिस ने शनिवार को यहां यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक घटना 15 अगस्त की रात की है। सिक्किम के रिंचेनपोंग शहर के निवासी दिनेश सुब्बा को नाक सहित शरीर में कई जगह चोट लगी है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
 
पुलिस ने कहा कि सुब्बा सात महीने पहले अपनी पत्नी और तीन महीने के बच्चे के साथ जीविकोपार्जन के लिए बेंगलुरु आया था। पुलिस ने कहा कि वह वर्तमान में शहर के एक रेस्तरां में काम कर रहा है। पुलिस ने बताया कि पन्द्रह अगस्त को सुब्बा ने कुछ दोस्तों के साथ अपने विवाह की सालगिरह मनाई और देर रात अकेले घर जा रहा था, तभी कुछ लोगों ने उसे रोक लिया।
 
पुलिस के अनुसार सुब्बा को चीनी कहते हुए इन लोगों ने उसकी पिटाई की जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। पुलिस के अनुसार उसकी पिटाई करने के बाद आरोपी मौके से भाग गए।
 
पुलिस के एक गश्ती दल ने सुब्बा को चोटिल और दर्द से कराहते देखा। गश्ती दल ने सुब्बा को अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में सुब्बा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और हमले में शामिल व्यक्तियों का पता लगाने के लिए वह सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। (सांकेतिक फोटो)
Edited By : Chetan Gour (भाषा)

सम्बंधित जानकारी

अगला लेख