भारतीय महिलाओं ने बेलारूस को 5-1 से पीटा

Webdunia
शुक्रवार, 3 मार्च 2017 (16:03 IST)
भोपाल। भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गुरुवार को बेलारूस की राष्ट्रीय टीम को पहले टेस्ट में 5-1 से पराजित कर दिया। 

 
गत वर्ष महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी जीतने के बाद पहली बार खेल रहीं भारतीय खिलाड़ियों ने यहां गजब का प्रदर्शन किया। टीम ने पहले क्वार्टर में ही 2-0 की बढ़त बना ली। भारत के लिए पहला गोल 11वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर के रूप में आया। इसके 3 मिनट बाद ही नवजौत कौर ने 15वें मिनट में 1 और गोल करके स्कोर 2-0 कर दिया। 
 
भारत ने अपना आक्रामक हमला जारी रखते हुए 29वें मिनट में पूनम बारला के गोल की बदौलत स्कोर 3-0 कर दिया लेकिन बेलारूस की स्वेतलाना बाहुशेविच ने 37वें मिनट में गोल दागकर स्कोर 1-3 कर दिया। 
 
चौथे क्वार्टर में भी भारतीय महिलाओं ने अपना दबदबा जारी रखा। कप्तान दीप ग्रेसयेक्का ने 57वें और गुरजीत कौर ने 60वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके भारत को 5-1 से जीत दिला दी। दूसरा टेस्ट शुक्रवार को खेला जाएगा। (वार्ता)
अगला लेख