दीपा करमाकर ने वॉल्ट फाइनल में जगह बनाकर रचा इतिहास

Webdunia
सोमवार, 8 अगस्त 2016 (10:01 IST)
रियो डि जेनेरियो। पहली बार ओलंपिक खेलों में भाग ले रही जिम्नास्ट दीपा करमाकर ने व्यक्तिगत वॉल्ट फाइनल में जगह बनाकर भारतीय खेलों में नया इतिहास रचा। 
 
 
यहां 8वें स्थान पर रहकर फाइनल के लिए क्वालीफाई करने वाली दीपा यह कारनामा करने वाली पहली भारतीय हैं। ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने वाली पहली महिला जिम्नास्ट त्रिपुरा की दीपा ने ‘प्रोडुनोवा’ वॉल्ट में अच्छा प्रदर्शन किया और 2 प्रयासों के बाद 14.850 अंक हासिल किए। इसके बाद भारतीय खिलाड़ी को इंतजार करना पड़ा। वे 5 सब डिवीजन में से तीसरे में 6ठे स्थान पर रही थी। वे आखिर में ओवरऑल 8वें स्थान पर खिसक गई। 


गरीबी की जमीन से बुलंदियों के आसमान तक
 
 
कनाडा की शैलोन ओलसन ने बेहतरीन प्रदर्शन करने हुए 14.950 अंक बनाकर ओवरऑल तालिका में अंतर पैदा कर दिया, लेकिन यह दीपा के लिए फाइनल में जगह बनाने के लिए पर्याप्त था। फाइनल 14 अगस्त को होगा जिसमें शीर्ष 8 जिम्नास्ट पदक के लिए अपनी दावेदारी पेश करेंगी। 
 
दीपा ने बाद में कहा कि मैं खुश हूं लेकिन इससे थोड़ा बेहतर प्रदर्शन करना चाहती थी। अभ्यास के दौरान मैंने इससे कहीं बेहतर प्रदर्शन किया था। दीपा ने अपने पहले प्रयास में ‘डिफक्लटी’ में 7.000 और ‘एक्सक्यूशन’ में 8.1 अंक बनाए। दूसरे प्रयास में वे डिफक्लटी में 6.000 का ही स्कोर बना पाई। उन्होंने प्रोडुनोवा वॉल्ट में पहले प्रयास में सामान्य प्रदर्शन किया लेकिन दूसरे प्रयास में वे प्रभाव छोड़ने में सफल रहीं।
 
इस स्पर्धा से पहले दीपा को 3 बार की विश्व ऑलराउंड चैंपियन अमेरिकी जिम्नास्ट सिमोन बिलेस ने शुभकामनाएं दीं। विश्व चैंपियनशिप में रिकॉर्ड 10 स्वर्ण पदक जीतने वाली 19 वर्षीय अमेरिकी स्टार त्रिपुरा की खिलाड़ी के पास आई और उन्हें शुभकामनाएं दीं। 
 
सिमोन ने 16.050 अंक बनाए और वह तालिका में शीर्ष में रही। इस अमेरिकी जिम्नास्ट ने एक्सक्यूशन में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 9.700 अंक बनाए। उत्तर कोरिया की जोंग उन होंग ने 15.683 अंक के साथ दूसरे जबकि स्विट्जरलैंड की जियुलिया स्टिंगरबर (15.266 अंक) तीसरे स्थान पर रही। 
 
दीपा ने अन्य वर्गों में से अनइवन बार्स में 11.666 अंक हासिल किए। उन्होंने डिफक्लटी में कम अंक बनाए लेकिन एक्सक्यूशन में उनका प्रदर्शन अच्छा रहा। बाद में दीपा ने बैलेंस बीम में 12.866 अंक बनाए। फ्लोर एक्सरसाइज में दीपा ने 12.033 अंक हासिल किए जिसमें 0.333 अंक की पेनल्टी भी शामिल है। 
 
दीपा ने कहा कि यह मेरा पहला ओलंपिक है और मैं बहुत अच्छा महसूस कर रही हूं। ब्राजील के स्थानीय समर्थक काफी शोर मचा रहे थे। शोर बहुत ज्यादा था और मुझे संगीत सुनने में परेशानी हो रही थी। आपने ब्रिटेन की टीम को देखा होगा। वह बीच से हट गई। 
 
उन्होंने कहा कि ओलंपिक में स्कोरिंग काफी कड़ी है। जो अमूमन 16 अंक हासिल कर लेते थे उन्हें लगभग 13 अंक मिल रहे हैं। स्कोरिंग कड़ी है। वॉल्ट मेरी मुख्य स्पर्धा है। 
 
राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने वाली पहली महिला भारतीय दीपा ऑलराउंड तालिका में 51.665 अंक के साथ 47वें स्थान पर रहीं। सभी वर्गों में सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले 24 पुरुष और 24 महिला खिलाड़ियों ने ऑलराउंड के फाइनल में जगह बनाई। दूसरी तरफ प्रत्येक वर्ग में सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले 8 8 जिम्नास्ट प्रत्येक वर्ग के फाइनल में पहुंचे। (भाषा)
अगला लेख