सौतेली बहन ने की दो मासूम बहनों की हत्या!

हिमा अग्रवाल

शुक्रवार, 17 मई 2024 (12:08 IST)
Uttar Pradesh crime news : उत्तर प्रदेश के बिजनौर जनपद में सौतेली बहन ने 2 नाबालिग बहनों को मौत के घाट उतार दिया। घटना को उस समय अंजाम दिया गया जब यह दोनों बच्चियां अपने घर में सो रही थी। एक घर में दो मासूम बच्चियों की मौत पर गांव में सन्नाटा फैल गया, मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर जांच शुरू कर दी है।
 
पुलिस की प्राथमिक जांच में हत्या की सुई परिवार की तरफ ही घूम रही है। दो नाबालिग बहनों की हत्या सौतेली बहन ने कि है इसके लिए पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
 
मिली जानकारी के मुताबिक उसने अपना जुर्म कबूलते हुए कहा है कि उसके पिता परेशान रहते थे, जिसके चलते उसने बहनों का गला घोंटकर मार डाला है। लेकिन पुलिस को घटना के पीछे दूसरी साजिश का अंदेशा है, पुलिस पूरे मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है।
 
थाना नूरपुर के गोहावर गांव में सहदेव अपनी पत्नी सविता के साथ रहता था। सविता की सहदेव से दूसरी शादी थी, पहले पति पुखराज से एक बेटी थी, जो मां और सहदेव के साथ रह रही थी। सहदेव से सविता को चार बेटी और एक बेटा था, कुल मिलाकर 6 बच्चों के साथ सहदेव दंपति रह रहा था।
 
देर रात में दो मासूम बहनों ऋतु (7 वर्ष) और पवित्रा (5 वर्ष) की गलाघोंट कर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप 13 साल की सौतेली बहन पर लगा है। सूत्रों के मुताबिक आरोपी बहन ने अपना जुर्म कबूल करते हुए कहा है कि पिताजी परेशान रहते थे, इसलिए ऐसा किया है।
 
पुलिस ने मृतक बच्चियों के पिता सहदेव की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करते हुए जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि 12 बजे से 12.30 के आसपास हत्या हुई है, घर में बाहरी व्यक्ति के आने का कोई संकेत नही मिल रहा है, जिस जगह दुपट्टे से गलाघोंटा गया है वहां मृतक दोनों बहनों के साथ उनकी मां और सौतेली बहन सोई हुई थी।
Edited by : Nrapendra Gupta 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी