हेमा मालिनी ने 7 हजार बच्चों के लिए की रसोई की शुरुआत

WD Entertainment Desk
रविवार, 23 जुलाई 2023 (16:17 IST)
Hema Malini: बॉलीवुड एक्ट्रेस और सांसद हेमा मालिनी ने अक्षय पात्र प्रतिष्ठान की 67वीं रसोई का मथुरा में उद्घाटन किया जिसके माध्यम से क्षेत्र के 96 विद्यालयों में 7500 से ज्यादा बच्चों को दिन का पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। भाजपा की मथुरा से लोकसभा सांसद हेमा मालिनी ने बरसाना के आजनोख में इस मौके पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि अक्षय पात्र भारत में 67 से ज्यादा रसोई का संचालन कर रहा है।
 
हेमा मालिनी ने अक्षय पात्र को महाभारत काल की द्रोपदी की कथा से जोड़ते हुए कहा कि भगवान कृष्ण ने जिस तरह द्रोपदी के अक्षय पात्र में सबके लिए भोजन उपलब्ध कराया था उसी अवधारणा पर श्रीकृष्ण और राधा रानी की लीला भूमि में इस अक्षय पात्र से हज़ारों बच्चों को हर दिन भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।
 
उन्होंने कहा कि अच्छा भोजन और पौष्टिक भोजन बच्चों को उपलब्ध हो, अक्षय पात्र यह सुनिश्चित करता है और इसी सोच के साथ अक्षय पात्र मथुरा जिले 2100 स्कूलों में भोजन उपलब्ध करा रहा है।
 
अक्षय पात्र फाउंडेशन के वॉइस चेयरमैन चंचलापति दास ने कहा कि इस रसोई के माध्यम से आसपास के 48 गांव के साढ़े सात हज़ार बच्चों को भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। उनका कहना था यह रसोई पूरी तरह से महिलाओं द्वारा संचालित की जा रही सामूहिक रसोई है।
Edited By : Ankit Piplodiya

सम्बंधित जानकारी

अगला लेख