पद्मश्री अवॉर्ड से सम्मानित हुईं कंगना रनौट

सोमवार, 8 नवंबर 2021 (12:42 IST)
बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौट को देश के चौथे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्मश्री अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। पद्म अवॉर्ड्स 2020 का आयोजन दिल्ली के राष्ट्रपति भवन में किया गया। अपने क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए देश के कई लोगों को पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

 
इस अवार्ड की घोषणा पिछले साल 26 जनवरी को की गई थी। लेकिन कोरोनावायरस महामारी और लॉकडाउन की वजह से सम्मान समारोह को आयोजन अबतक नहीं हो पाया था। कार्यक्रम में कंगना रनौट गोल्डन बेज कलर की सिल्क की साड़ी पहनकर पहुंचीं। उनके साथ बहन रंगोली चंदेल भी मौजूद रहीं।
 
कंगना ने पद्मश्री मिलने की घोषणा के बाद अपनी भावना व्यक्त करते हुए कहा था, मैं खुश हूं, और मैं सम्मानित महसूस कर रही हूं। मैं अपने देश को इस सम्मान के लिए धन्यवाद देती हूं और मैं इसे हर उस महिला को समर्पित करती हूं जो सपने देखने की हिम्मत करती है। हर बेटी को… हर मां को… और उन महिलाओं के सपनों के लिए जो हमारे देश के भविष्य को आकार देंगी।
 
कंगना के अलावा गायक अदनान सामी को भी राष्ट्रपति ने पद्मश्री अवॉर्ड से सम्मानित किया। पद्म पुरस्कारों के वितरण का आयोजन दो भागों में रखा गया। पहला चरण जो आज संपन्न हुआ उसमें 2020 के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में अपना योगदान देने वाले 141 लोगों को पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
 
मंगलवार को 2021 के लिए 119 लोगों को सम्मानित किया जाएगा। कला के क्षेत्र में मंगलवार को एकता कपूर और करण जौहर को भी राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी