UN में रूस पर चर्चा के बीच पाकिस्तान ने अलापा कश्मीर राग, भारत ने लताड़ा

Webdunia
गुरुवार, 13 अक्टूबर 2022 (09:49 IST)
संयुक्त राष्‍ट्र। संयुक्त राष्‍ट्र महासभा में रूस यूक्रेन युद्ध पर चल रही बहस के दौरान पाकिस्तान ने अचानक कश्मीर का राग अलापना शुरू कर दिया। इस पर वहां मौजूद भारत की स्थायी प्रतिनिधि रुचिरा कंबोज ने पाकिस्तान की इस हरकत पर आपत्ति जताई और पड़ोसी देश को करारा जवाब दिया।
 
पाकिस्तानी राजनयिक मुनीर अकरम लगातार कश्मीर की स्थिति से रूस-यूक्रेन युद्ध की तुलना कर रहे थे। इस पर रुचिरा ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र महासभा में यूक्रेन और रूस युद्द जैसे गंभीर मुद्दे पर बहस हो रही है लेकिन हमें आश्चर्य हो रहा है कि फिर एक प्रतिनिधिमंडल के द्वारा इस मंच का दुरुपयोग किया जा रहा है। मेरे देश के खिलाफ तुच्छ और व्यर्थ टिप्पणी की जा रही है।  
 
रुचिरा कंबोज ने कहा कि जम्मू-कश्मीर का पूरा क्षेत्र भारत का अभिन्न अंग है और रहेगा। हम पाकिस्तान से सीमा पार आतंकवाद को रोकने का आह्वान करते हैं ताकि हमारे नागरिक अपने जीवन और स्वतंत्रता के अधिकार का आनंद ले सकें।
 
उन्होंने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा है कि ये युद्ध का युग नहीं हो सकता। बातचीत और कूटनीति के माध्यम से शांतिपूर्ण समाधान के संकल्प के साथ भारत ने इस प्रस्ताव से दूर रहने का फैसला किया है।
 
 
यह मतदान रूसी बलों द्वारा 24 फरवरी को यूक्रेन पर हमला किए जाने के बाद पारित चार प्रस्तावों में से संयुक्त राष्ट्र महासभा की ओर से देश को अब तक का सबसे बड़ा समर्थन है।
Edited by : Nrapendra Gupta 

सम्बंधित जानकारी

अगला लेख