60 साल में सबसे प्रचंड तूफान हिगबिस ने जापान में मचाई तबाही, 33 की मौत, 106 घायल

रविवार, 13 अक्टूबर 2019 (22:17 IST)
टोक्यो। जापान में 60 साल के सबसे ताकतवर तूफान 'हगिबीस' ने तबाही मचा दी है। जापान में हिगबीस तूफान से मरने वालों की संख्या बढ़कर 33 हो गई है। 17 लोग लापता और कम से कम 106 लोग घायल हो गए हैं। एनएचके मीडिया ने रविवार को यह जानकारी दी।

तूफान के आने के बाद देश के बड़े हिस्से में अभूतपूर्व बारिश हुई, जिससे बाढ़ आ गई और भूस्खलन हो गया। तूफान के कारण करीब 70 से अधिक लोगों के घायल होने की खबर है।
 
हगिबिस के दौरान 216 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं और देश के कई इलाकों में भारी बारिश और भूस्खलन भी हुआ। 31000 सैनिकों समेत 100000 से अधिक बचावकर्ता मूसलाधार बारिश के कारण हुए भूस्खलनों और नदियों में उफान के कारण फंसे लोगों को निकालने के लिए रात में भी काम में जुटे हैं।
 
पूरे देश में हाई अलर्ट : जापान सरकार ने हगिबिस से निपटने के लिए पुख्ता व्यवस्था की है और काफी पहले एडवाइजरी जारी कर दी गई थी। तूफान को लेकर पूरा देश ‘हाई अलर्ट’ पर है, लेकिन टोक्यो और 6 प्रांतों में सबसे बड़े स्तर का अलर्ट जारी किया गया है।
 
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार तूफान तेज हवाओं और भारी बारिश के साथ इजु प्रायद्वीप में पहुंचा। राजधानी टोक्यो के नजदीक चिबा प्रांत में तूफान की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। उसका शव एक पलटी हुई कार से बरामद किया गया। 
 
छाया अंधे‍रा : तूफान के कारण देशभर में 106 लोग घायल हुए हैं। कई मकान धाराशायी हो गए और एहतियातन बिजली काटने से लोगों को अंधेरे में रहना पड़ रहा है।
 
हगिबिस को जापान में अब तक का सबसे शक्तिशाली तूफान माना जा रहा है। इससे देश के प्रमुख द्वीप होंशू में भूस्खलन की आशंका जताई जा रही है।
चिबा में बरपाया कहर : खबर के मुताबिक होंशू द्वीप के शहर चिबा में हगिबिस का कहर जारी है। तेज हवाओं के कारण कई घरों की छतें उड़ गईं, जिससे कई लोग घायल हुए हैं।
 
मौसम विभाग के अनुसार टोक्यो के अलावा गुन्मा, साइतमा, कानगावा, यामनाशी, नागानओ और शिजुओका प्रांतों में सबसे बड़े स्तर का खतरे का ‘अलर्ट’ जारी किया गया है।
 
रग्बी मैच हुआ रद्द : रग्बी विश्व कप के 2 मैचों को भी रद्द कर दिया गया है। तूफान के कारण जापानी ग्रैंड प्रिक्स में देरी हुई तथा तोक्यो क्षेत्र में सभी उड़ानें रोक दी गईं और रेल यातायात पर भी असर पड़ा है।  
(Photo courtesy : Twitter)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी