नोबेल शांति पुरस्कार के लिए 304 उम्मीदवारों का नामांकन, सूची में शामिल हैं 219 व्यक्ति और 85 संगठन

बुधवार, 13 फ़रवरी 2019 (14:01 IST)
स्टॉकहोम। नॉर्वे की नोबेल समिति ने 2019 के नोबेल शांति पुरस्कार के लिए कुल 304 उम्मीदवारों का नामांकन किया है जो कि अब तक का चौथा सर्वाधिक नामांकन है। नॉर्वे की नोबेल समिति ने मंगलवार को यह जानकारी दी। जारी बयान के अनुसार साल 2019 के नोबेल शांति पुरस्कार के लिए 304 उम्मीदवार हैं जिनमें से 219 व्यक्ति हैं और 85 संगठन हैं।

नोबेल शांति पुरस्कार के लिए 304 उम्मीदवारों का यह आंकड़ा अब तक के उम्मीदवारों की चौथी सबसे बड़ी संख्या है। इससे पहले 376 उम्मीदवारों का रिकॉर्ड 2016 में पहुंचा था। समिति ने कहा कि नियमों के अनुसार उम्मीदवारों की सूची का खुलासा 50 साल बाद तक नहीं किया जा सकता।

समिति की ओर से जारी बयान में कहा गया कि सभी जीवित व्यक्ति और सक्रिय संगठन या संस्थान नोबेल शांति पुरस्कार के लिए योग्य उम्मीदवार हैं। नोबेल फाउंडेशन के क़ानूनों द्वारा परिभाषित नामांकनों को ही वैध नामांकन माना जाता है।

वैध नामांकन के लिए 31 जनवरी के पहले फॉर्म जमा किया जाना चाहिए। ऑनलाइन फॉर्म के माध्यम से नामांकन के लिए अनुरोध किया जाता है। ऑनलाइन फॉर्म सितंबर के मध्य से नामांकन जमा करने की अंतिम तिथि तक सक्रिय रहता है।

नोबेल समिति की ओर से और अधिक उम्मीदवारों को शामिल किया जा सकता है। जांच-पड़ताल कर इन उम्मीदवारों की छंटनी की जाती है जिसका मूल्यांकन समिति और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों द्वारा किया जाता है।

गौरतलब है कि नोबेल शांति पुरस्कार 2018 के लिए डेनिस मुकवेगे और नादिया मुराद को युद्ध के एक हथियार के रूप में यौन हिंसा के उपयोग को समाप्त करने के प्रयासों के लिए प्रदान किया गया।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी