IPL 2024: होली पर कोहली का रॉयल रंग, तूफानी पारी के दौरान फैन ने छुए पैर (Video)

WD Sports Desk
सोमवार, 25 मार्च 2024 (23:46 IST)
IPL 2024 RCB vs PBKS विराट कोहली के आक्रामक अर्धशतक की मदद से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने होली के दिन अपने घरेलू मैदान पर जीत के रंग बिखेरते हुए पंजाब किंग्स को आईपीएल के रोमांचक मैच में सोमवार को चार विकेट से हरा दिया।जीत के लिये 177 रन का लक्ष्य आरसीबी ने चार गेंद बाकी रहते हासिल किया। कोहली ने 49 गेंद में 11 चौकों और दो छक्कों की मदद से 77 रन बनाये।

आरसीबी को आखिरी 24 गेंद में 47 रन की जरूरत थी जब दिनेश कार्तिक ने दस गेंद में नाबाद 28 और ‘इंपैक्ट प्लेयर’ महिपाल लोमरोर ने आठ गेंद में नाबाद 17 रन बनाये। कार्तिक ने फिनिशर की भूमिका बखूबी निभाते हुए हर्षल पटेल और अर्शदीप सिंह को छक्के जड़कर टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया।

इससे पहले कप्तान शिखर धवन और जितेश शर्मा की उपयोगी पारियों के दम पर पंजाब किंग्स ने चिन्नास्वामी स्टेडियम की उछाल लेती पिच पर छह विकेट पर 176 रन बनाये।

पहला विकेट 17 रन पर गंवाने के बाद धवन और प्रभसिमरन ने 38 गेंद में 55 रन जोड़े। धवन काफी सहज होकर खेलते नजर आये और ढीली गेंदों को नसीहत भी दी। उन्होंने बायें हाथ के स्पिनर मयंक डागर की गेंद पर लांग आन में छक्का जड़ा।

प्रभसिमरन ने कैमरन ग्रीन को मिडविकेट पर फ्लिक शॉट खेलकर छक्का लगाया। खतरनाक होती इस साझेदारी को मैक्सवेल ने तोड़ा जब प्रभसिमरन उन्हें पूल शॉट खेलने आगे निकले और अनुज रावत ने विकेट के पीछे उनका कैच लपक लिया।

रावत ने 12वें ओवर में लियाम लिविंगस्टोन का भी कैच लपका और इस बार गेंदबाज अलजारी जोसेफ थे। अगली गेंद पर पंजाब को सबसे बड़ा झटका धवन के विकेट के रूप में मिला। वह मैक्सवेल को ऊंचा शॉट खेलने के प्रयास में लांग आन पर कोहली को कैच दे बैठे। पंजाब का स्कोर इस समय 12 . 1 ओवर में चार विकेट पर 98 रन था ।

इसके बाद जितेश ने डागर को लगातार दो छक्के लगाये। उन्होंने सैम कुरेन के साथ पांचवें विकेट के लिये 34 गेंद में 52 रन जोड़कर टीम को 150 रन के पार पहुंचाया। शशांक सिंह ने जोसेफ के आखिरी ओवर में 20 रन निकाले। (भाषा)

सम्बंधित जानकारी

अगला लेख