2 महीने बाद मैदान पर वापसी करने को तैयार सर जड़ेजा, BCCI ने शेयर किया वीडियो

Webdunia
गुरुवार, 24 फ़रवरी 2022 (07:42 IST)
लखनऊ: चोट से उबरने के बाद दो महीने बाद भारतीय टीम में वापसी कर रहे आलराउंडर रविंद्र जडेजा ने श्रीलंका के खिलाफ पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच से पूर्व अभ्यास सत्र के बाद कहा कि फिर से देश के लिये खेलना शानदार अहसास है।

जडेजा घुटने की चोट के कारण दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के खिलाफ पिछली दो श्रृंखलाओं में नहीं खेल पाये थे। वह नवंबर में न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू श्रृंखला के दौरान चोटिल हो गये थे। स्कैन के बाद पता चला था कि उनके हाथ में सूजन है। उसे आराम की सलाह दी गई। दाएं हाथ में सूजन के कारण जडेजा न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ दूसरे टेस्ट से बाहर हो गए थे।

जडेजा ने कहा, ‘‘मैं एनसीए में अपनी फिटनेस पर कड़ी मेहनत कर रहा था। मैं इस श्रृंखला के लिये बेहद उत्साहित हूं। मैं दो महीने से अधिक समय बाद खेल रहा हूं। मैंने बेंगलुरू में गेंदबाजी और बल्लेबाजी का अभ्यास किया, इसलिए मैं तैयार हूं। आज मैं अपने पहले अभ्यास सत्र के बाद बहुत अच्छा महसूस कर रहा हूं।’’भारत गुरुवार से शुरू होने वाली टी20 श्रृंखला के बाद श्रीलंका से दो मैचों की टेस्ट श्रृंखला खेलेगा।

आईपीएल 2022 के सबसे महंगे खिलाड़ी हैं रविंद्र जड़ेजा

आईपीएल 2022 की मेगा नीलामी के बाद यह साबित हो गया कि रविंद्र जडेजा इस सत्र के सबसे महंगे खिलाड़ी (रिटेन और नीलामी दोनों को मिलाकर) हैं क्योंकि चेन्नई ने उनको सर्वाधिक 16 करोड़ में रिटेन किया था। जड़ेजा ने गेंद से कमाल दिखाते हुए आईपीएल 2021 में 13 विकेट चटकाए वहीं बल्ले से 227 रन बनाए थे। इससे पहले रीटेन किए गए खिलाड़ियों में सबसे महंगे विराट कोहली थे। मेगा नीलामी में सर्वाधिक दाम पर बिकने वाले खिलाड़ी ईशान किशन थे जिनको 15 करोड़ 25 लाख में खरीदा गया था।

सम्बंधित जानकारी

अगला लेख