क्या विजय शाह का होगा मंत्री पद से इस्तीफा, CM डॉ. मोहन यादव का बड़ा बयान

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

गुरुवार, 15 मई 2025 (23:15 IST)
कर्नल सोफिया कुरैशी के संदर्भ में विवादास्पद टिप्पणी करने वाले मध्यप्रदेश के मंत्री विजय शाह के त्यागपत्र की कांग्रेस की मांग पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज कहा कि कांग्रेस को तो इस मुद्दे पर बात करने का ही अधिकार नहीं है। डॉ यादव ने शाम को यहां आयोजित “तिरंगा यात्रा” में हिस्सा लिया। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और पार्टी के अन्य नेता भी मौजूद थे। इस मौके पर मीडिया के सवालों के जवाब में डॉ यादव ने कहा कि इस प्रकरण (विजय शाह) में न्यायपालिका ने जो आदेश दिया है, हमारी सरकार ने उसका यथायोग्य तरीके से पालन किया है और न्यायालय जो कहेगा, हम उसके हिसाब से चलते जाएंगे।
ALSO READ: India-Pakistan War : पाकिस्तान पर काल बनकर बरसीं ये स्वदेशी मिसाइलें, आतंक के आका को सदियों तक रहेगा भारतीय हमले का सदमा
मंत्री के त्यागपत्र की कांग्रेस की मांग के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस तो करती रहेगी। कांग्रेस सिद्धारमैया (कर्नाटक के मुख्यमंत्री) से मांग ले। कांग्रेस के सारे मंत्रियों पर मुकदमे चल रहे हैं। कांग्रेस केवल बात ही कर सकती है। कांग्रेस का आचरण, केजरीवाल का साथ चुनाव में लड़कर कदम से कदम मिलाकर दिया। वो तो मुख्यमंत्री होते हुए जेल में गए थे। कांग्रेस कहां गयी थी, उस समय। कांग्रेस जिस मुंह से बोल रही है, कांग्रेस को तो अधिकार ही नहीं है बोलने का। कांग्रेस ने जितनी बेशर्मी की हदें पार की हैं, आज तक किसी ने नहीं कीं।
राज्य के आदिम जाति कल्याण मंत्री विजय शाह के विवादास्पद बयान को मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय ने स्वत: संज्ञान लिया और बुधवार को अदालत के आदेश पर विजय शाह के खिलाफ इंदौर जिले के मानपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी। इस बीच शाह ने इस आदेश को उच्चतम न्यायालय में चुनौती दी है। शाह के विवादास्पद बयान पर कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल के नेता उनका मंत्री पद से त्यागपत्र मांग रहे हैं। विपक्षी सदस्यों की मांग है कि यदि मंत्री त्यागपत्र नहीं देते हैं, तो उन्हें बर्खास्त किया जाना चाहिए।
 
इस बीच राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा नेता उमा भारती ने आज लगातार दूसरे दिन सोशल मीडिया के जरिए विजय शाह के त्यागपत्र की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि शाह त्यागपत्र नहीं देते हैं, तो उन्हें बर्खास्त किया जाना चाहिए। Edited by: Sudhir Sharma 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी