2047 तक विकसित भारत बनाने का है सरकार का लक्ष्य

वेबदुनिया न्यूज डेस्क
शुक्रवार, 2 फ़रवरी 2024 (17:50 IST)
नई दिल्ली। अयोध्या के राम मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा से वहां की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने का दावा करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सदस्यों ने शुक्रवार को राज्यसभा में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार तोहफे बांटने में विश्वास नहीं करती बल्कि देश को 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य के साथ काम कर रही है।
 
भाजपा की कविता पाटीदार ने उच्च सदन में राष्ट्रपति अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पेश करते हुए कहा कि मोदी सरकार ने देश की महिलाओं की किस्मत को संवारने के लिए विभिन्न योजनाओं को लागू किया। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 10 करोड़ से अधिक माताओं को उस धुएं से मुक्ति मिली, जो उन्हें दमा जैसी बीमारी के कगार पर पहुंचा देता है। इस बार की गणतंत्र दिवस परेड भी नारी शक्ति को समर्पित की गई थी। आज देश की करीब 10 करोड़ महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ गई हैं।
 
रामराज्य की स्थापना की ओर एक कदम : भाजपा सदस्य ने ध्यान दिलाया कि अमृत काल की शुरुआत में बने नए संसद भवन में अपने जीवन को कर्म से गढ़ने वाली नारी शक्ति की परिचायिका राष्ट्रपति ने अपने अभिभाषण में सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ने अयोध्या में राम मंदिर में हुई प्राण-प्रतिष्ठा के मनोभाव को ध्यान में रखते हुए सरकार के देश को विकसित बनाने के संकल्प को दोहराया, जो रामराज्य की स्थापना की ओर एक कदम होगा।
 
पाटीदार जब अपनी बात रख रही थीं, उसी दौरान कांग्रेस के दिग्विजय सिंह ने व्यवस्था का प्रश्न उठाते हुए कहा कि राष्ट्रपति अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पेश करने के बाद उस पर संशोधन पेश किए जाते हैं किंतु सभापति जगदीप धनखड़ ने उनकी आपत्ति को खारिज कर दिया।
 
महिलाओं की बढ़ती भूमिका का जिक्र : भाजपा सदस्य पाटीदार ने सेना, कोविड संकट के समय टीका निर्माण तथा चंद्रयान अभियान सहित विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं की बढ़ती भूमिका का जिक्र किया। मोदी सरकार ने नारी के अधिकारों में वृद्धि कर उनके सम्मान को बढ़ाया है। युवा, महिला, किसान एवं गरीब ऐसे चार वर्ग हैं, जो सरकार की प्राथमिकताओं के केंद्र में हैं।
 
उन्होंने कहा कि आज गांवों में 4 लाख किलोमीटर सड़कें बिछाने का काम हो या नए हवाई अड्डों का निर्माण या रेलवे पटरियों एवं बंदरगाह का निर्माण, सरकार हर क्षेत्र में तेजी से काम कर रही है। उन्हें इस बात को बताने में खुशी होती है कि न केवल प्रधानमंत्री बल्कि उनके मंत्रिमंडल के कई सदस्य और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री ओबीसी वर्ग से हैं और इसकी योजनाएं ओबीसी हितैषी हैं।
 
धन्यवाद प्रस्ताव का समर्थन करते हुए भाजपा के विवेक ठाकुर ने कहा कि देश ने देखा है कि चुनाव से पहले अंतरिम बजट में कई तोहफे दिए जाते थे किंतु मोदी सरकार ने 2047 तक देश को विकसित भारत बनाने का संकल्प कल पेश किए गए अपने अंतरिम बजट में व्यक्त किया है जिसकी रूपरेखा अगले पूर्ण बजट में पेश की जाएगी।
 
देश विश्व की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना: उन्होंने कहा कि एक समय भारत विश्व की 5 कमजोर अर्थव्यवस्था में से एक था, बैंकों की हालत खराब थी लेकिन आज देश विश्व की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश पिछले 10 वर्ष में समृद्ध भारत बन गया है।
 
ठाकुर ने कहा कि आज भारत ऐसा चमकता सितारा है जिसकी ओर विश्व अपनी हर समस्या के समाधान की तरफ देख रहा है। आज के भारत पर हमें गर्व और नाज है। कुछ लोगों ने देश को बांटने का भरपूर प्रयास किया किंतु चुनाव में जनता ने उनको सही जवाब दिया। प्रधानमंत्री मोदी का मानना है कि देश में 4 ही जातियां- युवा, महिला, किसान और गरीब हैं तथा इनका विकास करने से देश का विकास अपने आप हो जाएगा।
 
ठाकुर ने किसानों के कल्याण के लिए ड्रोन दीदी, किसान सम्मान निधि और फसल बीमा योजना जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि फसलों की बिक्री के लिए ऑनलाइन ट्रेडिंग शुरू की गई है।
 
1 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाया : महिलाओं के कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आज 1 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाया गया है और अंतरिम बजट में इन लखपति दीदी की संख्या को बढ़ाकर 3 करोड़ करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि इसी संसद ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम बनाकर विधायिका में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने का ऐतिहासिक काम किया है।
 
उन्होंने कहा कि सरकार ने तोहफे बांटने के बजाय देश के दीर्घकालिक विकास की नीति बनाई है। हाल में अटल सेतु के निर्माण से आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में ऐसा विकास हुआ है जिससे दुनिया भारत की ओर देख रही है।
 
ठाकुर ने कहा कि विपक्ष के साथी वस्तु एवं सेवाकर (जीएसटी) का जबर्दस्त विरोध कर रहे हैं किंतु 'हाथ कंगन को आरसी क्या और पढ़े-लिखे को फारसी क्या?' अर्थात सारे प्रमाण उनके समक्ष हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने कर ढांचे में जो आमूल-चूल परिवर्तन किया, उसका नतीजा यह हुआ कि 2018 में जीएसटी का मासिक संग्रह 90 हजार करोड़ रुपए से बढ़कर अब औसत 1.7 लाख करोड़ रुपए प्रतिमाह हो गया है।
 
हम फिर जुलाई में आ रहे हैं : भाजपा सदस्य ठाकुर ने दावा किया कि हम फिर जुलाई में आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि धर्म और अर्थ का बहुत मजबूत संबंध होता है। भारत में धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन ऐसा क्षेत्र है जिसमें बहुत सारी संभावनाएं छिपी हुई हैं। हाल में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा राम मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा की गई जिससे अयोध्या की सूरत ही बदल गई।
 
उन्होंने कहा कि आज अयोध्या में हवाई अड्डा, विश्वस्तरीय स्टेशन और होटल बन रहे हैं। उन्होंने ध्यान दिलाया कि प्रधानमंत्री ने जिस प्रकार विश्वनाथ कॉरिडोर, चारधाम कॉरिडोर, केदारनाथ का विकास किया, उससे स्थानीय अर्थव्यवस्था का बहुत विकास हुआ।
 
ठाकुर ने कहा कि देश में कई ऐसे मंदिर हैं जिनके विकास से अर्थव्यवस्था को बहुत बल मिलेगा। प्रधानमंत्री मोदी का सपना 2047 तक भारत को विकसित भारत बनाने का है। इसके बाद सभापति धनखड़ ने बताया कि उन्हें राष्ट्रपति के अभिभाषण के लिए 102 संशोधन प्रस्ताव मिले हैं। फिर विभिन्न सदस्यों ने अपने संशोधन प्रस्ताव पेश किए। (भाषा)
 
edited by : Ravindra Gupta

सम्बंधित जानकारी

अगला लेख