चेतन भगत भी घिरे आरोपों से, मांगी पत्नी से माफी... जानिए पूरा मामला

रविवार, 7 अक्टूबर 2018 (13:14 IST)
बॉलीवुड अभिनेत्री तनुश्री दत्ता के बाद अब अभिनेत्री कंगना रनौत ने निर्देशक विकास बहल पर छेड़छाड़ के आरोप लगाए हैं। तनुश्री के बाद कई महिलाएं अपनी आपबीती लोगों के सामने उजागर कर रही हैं। भारत में #MeToo  कैंपेन जोरों पर है। सोशल मीडिया पर #MeToo के महिलाएं अपने साथ हुई घटनाओं को बता रही हैं।
 
इस बीच एक महिला ने प्रख्यात लेखक चेतन भगत से अपनी बातचीत का स्क्रीनशॉट शेयर किया है। इसमें चेतन महिला से नजदीकियां बढ़ाने की बातें कर रहे हैं। यह स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इसके बाद चेतन भगत ने स्क्रीनशॉट को सही बताया और अपनी गलती को माना है। चेतन इस घटना पर लिखा है कि उन्हें इस घटना पर बहुत दु:ख है। चेतन पोस्ट में महिला और पत्नी से दोनों से माफी मांगी है।
 
 
चेतन ने पोस्ट में लिखा है कि उन्हें वह महिला बहुत खास लगी थी। एक अच्छी इंसान और सबसे अलग लगी थी। चेतन ने लिखा कि वे जानते हैं कि वो शादीशुदा हैं और इस तरह के फीलिंग्स के साथ वे किसी रिश्ते की तरफ नहीं बढ़ सकते थे, लेकिन उन्हें उस महिला के साथ बहुत ही अलग और खास कनेक्शन सा महसूस हुआ था।

चेतन भगत ने अपने इस माफीनामे में आगे लिखा है कि यह स्क्रीनशॉट कई साल पुराना है और  वे उस महिला से कई बार मिल चुके हैं। उन्होंने स्वीकार किया है कि वे उस महिला के साथ गहरा जुड़ाव महसूस करते थे। यह बात स्क्रीनशॉट में है। उन्होंने उनके साथ अपने आने वाले नॉवेल 'वन इंडियन गर्ल' को लेकर भी चर्चा की थी जिसमें संबंधों और एक-दूसरे के प्रति  आकर्षित होने जैसे अहसासों का जिक्र था।

चेतन ने पोस्ट में बताया कि वह महिला उन्हें अच्छी इंसान, स्वीट, क्यूट और फनी लगी थी। उन्होंने कहा कि बातचीत के दौरान उन्हें यह एहसास हो गया था कि वे शादीशुदा हैं और इस मैसेज में कोई फैसले लेने की बात नहीं थी।
 
पत्नी से मांगी माफी : चेतन ने आगे लिखा है कि ऐसा महसूस करना और उनके साथ निजी बातचीत में इसे शेयर करना बेवकूफाना था। उन्होंने पत्नी अनुषा से माफी मांगते हुए लिखा है कि उन्हें बेहतर जजमेंट करना चाहिए था। उन्होंने कहा कि शायद उन्होंने दोस्ती को गलत परखा। चेतन ने यह भी लिखा है कि उन दोनों के बीच कुछ भी शारीरिक नहीं था और न ही अश्लील फोटो या शब्द आदान-प्रदान हुए। उन्होंने लिखा कि घटना के बाद उक्त महिला का नंबर डिलीट कर दिया था।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी