उपमुख्‍यमंत्री मनीष सिसोदिया ने किए सबसे ज्यादा विदेशी दौरे

सोमवार, 18 जून 2018 (14:59 IST)
नई दिल्ली। अरविन्द केजरीवाल सरकार में सबसे ज्यादा विदेशी दौरे उपमुख्‍यमंत्री मनीष सिसोदिया ने किए। आरटीआई में दी गई एक जानकारी में इसका खुलासा हुआ है।
 
 
दिल्ली सचिवालय से प्राप्त एक आरटीआई के उत्तर से मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली के उपमुख्यमंत्री सिसोदिया दिल्ली सरकार के सभी मंत्रियों में सबसे अधिक विदेश यात्रा कर चुके हैं। दरअसल, अंकुर विहार गाजियाबाद के निवासी आरटीआई कार्यकर्ता विनोद कुमार द्वारा दिल्ली सचिवालय में डाली गई आरटीआई में दिल्ली सरकार के मंत्रियों की विदेश यात्राओं के बारे में पूछा गया था।
 
आरटीआई के जवाब में दिल्ली सचिवालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया सितंबर 2015 से फरवरी 2018 तक कई देशों की यात्रा कर चुके हैं, जिनमें लंदन, ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी, नीदरलैंड, फ्रांस, ब्राजील, मॉस्को और अमेरिका शामिल हैं। इन यात्राओं पर लगभग 22 लाख 82 हजार 760 रुपए का खर्चा आया, जबकि स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने दौरान स्वीडन, मलेशिया,  रोम (इटली), बैंकॉक, थाईलैंड आदि देशों की यात्रा की जिन पर कुल खर्च लगभग 19 लाख 33 हजार 820 रुपए हुआ।


 
तत्कालीन परिवहन मंत्री गोपाल राय सिर्फ एक बार विदेश यात्रा पर स्वीडन गए जिस पर 3 लाख 89 हजार 298 रुपए खर्च हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सिर्फ एक बार विदेश यात्रा पर सितंबर 2016 में रोम (इटली) गए जिसका खर्च लगभग 6 लाख 77 हजार 318 रुपए है।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी