पूर्वोत्तर में बाढ़ ने ली 23 लोगों की जान, दिल्ली में आंधी और बारिश की चेतावनी

रविवार, 17 जून 2018 (22:34 IST)
गुवाहाटी / इंफाल। पूर्वोत्तर में विनाशकारी बाढ़ ने पिछले 24 घंटों में और छ: लोगों की जान ले ली है। इस तरह मृतकों की संख्या बढ़ कर 23 हो गई। हालांकि क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति में थोड़ा सुधार देखने को मिला है। असम में कल से पांच और लोगों की मौत हो चुकी है जबकि मणिपुर में एक व्यक्ति की जान चली गई।


असम के छ: जिलों में बाढ़ से लगभग 4.5 लाख प्रभावित हुए हैं। असम राज्य आपदा प्रबंध प्राधिकरण के मुताबिक होजई, कर्बी आंगलांग पश्चिम, गोलाघाट, करीमगंज, हेलकांडी और कचरा जिलों में 4.48 लाख लोग प्रभावित हुए हैं।

ब्रह्मपुत्र नदी अभी जोरहाट में निमातीघाट और कचार में एपी घाट में खतरे के निशान से ऊपर बढ़ रही है। धनसीरी जैसी अन्य नदियां भी कुछ स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।  मणिपुर की इंफाल घाटी में बड़ी नदियों का जलस्तर घटना शुरू हो गया है।

सिर्फ लिलोंग नदी चेतावनी के स्तर से कुछ ऊपर बह रही है। मौसम विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाके में रविवार देर रात बारिश और आंधी आने का पूर्वानुमान जताया है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश : 36.8 डिग्री तथा 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में आर्द्रता का स्तर 42 और 71 के फीसदी के बीच रहा।
पंजाब और हरियाणा में बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई। चंडीगढ़ में रविवार सुबह बारिश हुई और यहां का अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।  हरियाणा में अम्बाला का तापमान 30 डिग्री, करनाल का अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है जो सामान्य से दस डिग्री कम है।



पंजाब में लुधियाना , पटियाला और अमृतसर में अधिकताम तापमान क्रमश: 29.9 डिग्री, 29.4 डिग्री और 31.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजस्थान में चुरू सबसे अधिक गर्म रहा और वहां अधिकतम तापमान 40.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी तरह प्रदेश के जैसलमेर, कोटा, जयपुर, बाड़मेर और बीकानेर का अधिकतम तापमान क्रमश : 40.5, 39.8, 39.7, 39.6 तथा 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

असम में बाढ़ की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। कल से बाढ़ के कारण पांच लोगों को जान गंवानी पड़ी है। इस बाढ़ के कारण प्रदेश के छ: जिलों में करीब साढे चार लाख लोग प्रभावित हुए हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार तीन जिलों में बाढ़ से संबंधित घटनाओं में पांच लोगों की मौत हुई है। हिमाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर वर्षा हुई है। शिमला उसके आसपास के क्षेत्रों में रुक-रुककर वर्षा हुई है जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी