Dhiraj Sahu Case : जमीन में गड़ी हैं कीमती वस्‍तुएं, अत्याधुनिक उपकरणों से तलाश रहा IT विभाग

Webdunia
बुधवार, 13 दिसंबर 2023 (17:46 IST)
Congress MP Dhiraj Prasad Sahu case : झारखंड से कांग्रेस के सांसद धीरज प्रसाद साहू के परिवार की कंपनी के परिसरों से 350 करोड़ रुपए और तीन किलोग्राम सोना जब्त करने के बाद आयकर विभाग संभवत: गाड़ कर रखी गई कीमती वस्तुएं बरामद करने के लिए अत्याधुनिक उपकरणों का इस्तेमाल कर रहा है।
 
एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। आयकर विभाग की टीम झारखंड के रांची और लोहरदगा में साहू के मकानों में भू निगरानी प्रणाली का उपयोग कर रही हैं। एक अधिकारी ने नाम सार्वजनिक नहीं करने की शर्त पर कहा, उन्हें काफी नकदी मिली है। विभाग अत्याधुनिक तकनीक से लैस है, इसलिए आप किसी भी खोज में नवीनतम उपलब्ध तकनीक के उपयोग की उम्मीद कर सकते हैं।
 
भू-निगरानी प्रणाली का उपयोग करके जमीन के नीचे छिपे सोने के आभूषण और अन्य कीमती सामान का पता लगाया जा सकता है। प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि ओडिशा और झारखंड में पंजीकृत वाहनों में सवार होकर पहुंचीं आईटी की टीम रांची और लोहरदगा में राज्यसभा सदस्य से जुड़े परिसरों की तलाशी ले रही हैं।
 
साहू से संपर्क नहीं हो पाया है जबकि दिल्ली में उनके कार्यालय के कर्मचारियों ने कहा कि वह पिछले तीन दिन से उनके संपर्क में नहीं हैं। साहू के परिवार के स्वामित्व वाली ओडिशा स्थित डिस्टिलरी कंपनी पर आयकर विभाग की हालिया छापेमारी में 350 करोड़ रुपए से अधिक की नकदी और तीन किलोग्राम सोना जब्त किया गया है।
 
आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि यह देश में किसी भी जांच एजेंसी द्वारा की गई कार्रवाई में बरामद हुई अब तक की सबसे बड़ी धनराशि है। ओडिशा, झारखंड और पश्चिम बंगाल में 30 से अधिक परिसरों की तलाशी ली गई है।(भाषा)
Edited By : Chetan Gour 

सम्बंधित जानकारी

अगला लेख