दिल्ली का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस : मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस छूता हुआ नजर आया। यह 29.7 रहा, जो सामान्य से 6 डिग्री ज्यादा है। यही स्थिति पंजाब, हरियाणा के अलावा दिल्ली-एनसीआर, उत्तरप्रदेश और राजस्थान में भी लगातार बनी हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि अभी आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ सकती है।
पश्चिमी विक्षोभ चक्रवाती परिसंचरण के रूप में : पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी अफगानिस्तान और उससे सटे पाकिस्तान के ऊपर 3.1 से 5.8 किमी की ऊंचाई पर चक्रवाती परिसंचरण के रूप में दिखाई दे रहा है। दक्षिण-पश्चिम राजस्थान के ऊपर प्रेरित चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। पूर्वोत्तर असम और आसपास के क्षेत्रों में एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। एक अन्य चक्रवाती परिसंचरण पूर्वोत्तर बांग्लादेश के ऊपर बना हुआ है। उप-उष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम की मुख्य हवाएं 12.6 किमी की ऊंचाई पर उत्तर-पश्चिमी भारत के मैदानी इलाकों में 125 नॉट की गति से प्रवाहित हो रही हैं।
पिछले 24 घंटों की मौसमी हलचल : पिछले 24 घंटों के दौरान गिलगित बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, जम्मू-कश्मीर और अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हुई। सिक्किम, असम और पश्चिम राजस्थान में हल्की बारिश दर्ज की गई। ओडिशा के कुछ इलाकों में घना से बहुत घना कोहरा देखा गया।
आज बुधवार के मौसम की संभावित गतिविधि : स्काईमेट वेदर (skymetweather) के अनुसार आज बुधवार, 12 फरवरी को अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी के साथ एक-दो स्थानों पर भारी बारिश या बर्फबारी हो सकती है। गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, लद्दाख, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी संभव है।
असम, सिक्किम और उत्तराखंड में हल्की बारिश हो सकती है। पूर्वी भारत के न्यूनतम तापमान में अगले 24 घंटों के दौरान वृद्धि होगी, लेकिन उसके बाद गिरावट हो सकती है। उत्तर-पश्चिमी और मध्यभारत के न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा।(Photo courtesy: IMD)