रॉबर्ट वाड्रा बोले, कंगना रनौत सांसद पद के काबिल नहीं

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

शनिवार, 31 अगस्त 2024 (09:16 IST)
Kangana Ranaut : कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के पति रॉबर्ट वाड्रा ने किसानों के विरोध प्रदर्शन को लेकर टिप्पणी के लिए भाजपा सांसद कंगना रनौत की आलोचना की। उन्होंने कहा कि वह संसद सदस्य बने रहने के काबिल नहीं हैं।
 
रॉबर्ट वाड्रा ने कहा कि वह (रनौत) एक महिला हैं। मैं उनका सम्मान करता हूं। लेकिन मुझे लगता है कि वह संसद में रहने के लायक नहीं हैं। वह शिक्षित नहीं हैं। मुझे लगता है कि वह लोगों के बारे में नहीं सोचतीं। वह सिर्फ अपने बारे में सोचती हैं। उन्हें महिलाओं के बारे में सोचना चाहिए। मेरी अपील है कि पूरा देश एक साथ आए और महिला सुरक्षा के मुद्दे पर आगे बढ़े।
 
उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा है और सभी राजनीतिक दलों को इसके समाधान के लिए एक साथ आना चाहिए।
 
हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट से सांसद रनौत ने एक हिंदी दैनिक के साथ अपने साक्षात्कार की एक क्लिप ‘एक्स’ पर पोस्ट की थी। इसमें उन्होंने कहा था कि अब निरस्त किए जा चुके तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के प्रदर्शन के दौरान भारत में बांग्लादेश जैसी स्थिति पैदा हो सकती थी, लेकिन देश के मजबूत नेतृत्व के कारण ऐसा नहीं हुआ।
 
इसके बाद रनौत ने आरोप लगाया था कि किसान आंदोलन के दौरान लाशें लटक रही थीं और बलात्कार हो रहे थे।
Edited by : Nrapendra Gupta

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी