हिमाचल में बारिश का येलो अलर्ट, ओडिशा में पारा 40 के पार जाने की संभावना

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

सोमवार, 10 मार्च 2025 (15:19 IST)
शिमला। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के शिमला केंद्र ने हिमाचल प्रदेश के विभिन्न स्थानों में सोमवार को और बुधवार से शुक्रवार तक गरज के साथ बूंदाबांदी का पूर्वानुमान जताते हुए 'येलो अलर्ट' (yellow alert) जारी किया है। मौसम विभाग (IMD)ने बताया कि राज्य के ऊंचाई वाले कुछ स्थानों पर सोमवार को हल्की बर्फबारी हुई। दूसरी ओर IMD ने ओडिशा में पारा 40 के पार जाने की संभावना जताई है।
 
केलांग में 1 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज : इसने बताया कि केलांग में 1 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई जबकि गोंदला में बहुत कम बर्फबारी हुई। इस बीच रोहतांग में अटल सुरंग के पास बर्फबारी की सूचना के बाद लाहौल एवं स्पीति में पुलिस ने यात्रियों को अनावश्यक यात्रा करने से बचने और संवेदनशील क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है।ALSO READ: Weather A।ert : फिर बदलेगा मौसम, इन राज्‍यों में बढ़ा तापमान, यहां बारिश और बर्फबारी का अलर्ट
 
राज्य में रविवार शाम से मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहा और कुछ स्थानों पर हल्की बर्फबारी हुई। आदिवासी जिले लाहौल एवं स्पीति के ताबो में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 3.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम था। मौसम विभाग ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में एक से 10 मार्च तक मानसून पूर्व सीजन में 50.4 मिलीमीटर बारिश हुई, जो सामान्य से 44 प्रतिशत अधिक है।
 
ओडिशा सरकार में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की संभावना : भुवनेश्वर से मिले समाचारों के अनुसार ओडिशा सरकार ने रविवार को भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के दिन के तापमान में वृद्धि के पूर्वानुमान को देखते हुए सभी जिला कलेक्टर को परामर्श जारी किया है। मौसम बुलेटिन में आईएमडी ने कहा कि राज्य में अगले चार से 5 दिनों के दौरान दिन के तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी।
 
मौसम विभाग ने पूर्वानुमान में कहा है कि अगले 5 दिनों के दौरान सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, संबलपुर, सोनपुर, बौध और बोलांगीर जिलों के अलग-अलग स्थानों पर अधिकतम तापमान बढ़कर 40 डिग्री सेल्सियस और उससे अधिक होने की संभावना है।
 
इस पूर्वानुमान को देखते हुए ओडिशा के विशेष राहत आयुक्त (एसआरसी) कार्यालय ने जिला कलेक्टरों को जनता के बीच गर्म मौसम की चेतावनी संबंधी संदेश प्रसारित करने की सलाह दी। हालांकि गर्मी आम लोगों के लिए सहनीय है, लेकिन शिशुओं, बुजुर्गों, बीमार एवं कमजोर लोगों के लिए यह स्वास्थ्य संबंधी चिंता पैदा कर सकती है। जिला कलेक्टरों को लोगों को सुबह 11 बजे से दोपहर 3.30 बजे के बीच घरों से बाहर निकलते समय उचित एहतियाती उपाय करने की सलाह देने के लिए कहा गया है।ALSO READ: Weather Update: उत्तर भारत में बदला मौसम का मिजाज, पहाड़ों पर बारिश व बर्फबारी, IMD का अलर्ट
 
आईएमडी के अनुसार रविवार को राज्य में सबसे अधिक तापमान बौध में 38.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि टिटलागढ़ में यह 38 डिग्री सेल्सियस रहा। अन्य स्थान जहां दिन का तापमान 37 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा है उनमें झारसुगुड़ा, भवानीपटना, बोलांगीर एवं सोनपुर शामिल है।
 
दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज : दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 4.4 डिग्री अधिक 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। दिन में सापेक्षिक आर्द्रता 40 से 91 प्रतिशत के बीच रही और न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
मौसम विभाग ने सोमवार को धुंध छाए रहने का पूर्वानुमान जताया है और अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमश: 32 डिग्री और 15 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को वायु गुणवत्ता 'मध्यम' श्रेणी से 'खराब' श्रेणी में पहुंच गई और शाम 6 बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 208 दर्ज किया गया।
 
Edited by: Ravindra Gupta

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी