कुछ विद्वानों का मत है कि नागा सन्यासियों के अखाड़े आदि शंकराचार्य के पहले भी थे, लेकिन उस समय इन्हें अखाड़ा नाम से नहीं पुकारा जाता था। इन्हें बेड़ा अर्थात साधुओं का जत्था कहा जाता था। पहले अखाड़ा शब्द का चलन नहीं था। साधुओं के जत्थे में पीर और तद्वीर होते थे। अखाड़ा शब्द का चलन मुगल काल से शुरू हुआ। कुछ अन्य इतिहासकार यह मानते हैं कि भारत में नागा संप्रदाय की परंपरा प्रागैतिहासिक काल से शुरू हुई है। सिंधु की घाटी में स्थित विख्यात मोहनजोदड़ो की खुदाई में पाई जाने वाली मुद्रा तथा उस पर पशुओं द्वारा पूजित एवं दिगंबर रूप में विराजमान पशुपति की प्रतिमा इस बात का प्रमाण है कि वैदिक साहित्य में भी ऐसे जटाधारी तपस्वियों का वर्णन मिलता है। भगवान शिव इन तपस्वियों के आराध्य देव हैं। सिकंदर महान के साथ आए यूनानियों को अनेक दिगंबर साधुओं के दर्शन हुए थे। बुद्ध और महावीर भी इन्हीं साधुओं के दो प्रधान संघों के अधिनायक थे। जैन धर्म में जो दिगंबर साधु होते हैं और हिंदुओं में जो नागा संन्यासी हैं वे दोनों ही एक ही परंपरा से निकले हुए हैं। इस देश में नागा जाति भी होती है जो नागालैंड में रहती है।
नागा साधुओं की उत्पत्ति का क्या है राज?
किसी भी अखाड़े में दीक्षा लेने के बाद 12 साल की तपस्या के बाद किसी दशनामी साधुओं को पद दिया जाता है। दशनामी में मंडलेश्वर और नागा पद होते हैं। मंडलेश्वर धर्म के ज्ञान का प्रचार प्रसार करने के लिए होता है यानी कि वह शास्त्रधारी होता है। नागा साधु धर्म की रक्षा के लिए होता है यानी कि वह शस्त्रधारी होता है। जब भारतीय धर्म को प्राचीनकाल से ही ऐसे लोगों की जरूरत हुई जो आक्रमणकारियों से जनता की रक्षा करके धर्म की रक्षा भी करें। इसलिए नागा साधुओं की उत्पत्ति हुई।
नागाओं की शिक्षा और दीक्षा : नागा साधुओं को सबसे पहले ब्रह्मचारी बनने की शिक्षा दी जाती है। इस परीक्षा को पास करने के बाद महापुरुष दीक्षा होती है। बाद की परीक्षा खुद के यज्ञोपवीत और पिंडदान की होती है जिसे बिजवान कहा जाता है। अंतिम परीक्षा दिगम्बर और फिर श्री दिगम्बर की होती है। दिगम्बर नागा एक लंगोटी धारण कर सकता है, लेकिन श्री दिगम्बर को बिना कपड़े के रहना होता है। श्री दिगम्बर नागा की इन्द्री तोड़ दी जाती है।
नागाओं के नाम : किसी भी अखाड़े में दीक्षा लेने के बाद 12 साल की तपस्या के बाद किसी दशनामी साधुओं को पद दिया जाता है। दशनामी में मंडलेश्वर और नागा पद होते हैं। चार जगहों पर होने वाले कुंभ में नागा साधु बनने पर उन्हें अलग अलग नाम दिए जाते हैं। प्रयागराज के कुंभ में उपाधि पाने वाले को 1.नागा, उज्जैन में 2.खूनी नागा, हरिद्वार में 3.बर्फानी नागा तथा नासिक में उपाधि पाने वाले को 4.खिचडिया नागा कहा जाता है। नागा एक पदवी होती है। साधुओं में वैष्णव, शैव और उदासीन तीनों ही संप्रदायों के अखाड़े नागा बनाते हैं। नागा में बहुत से वस्त्रधारी और बहुत से दिगंबर (निर्वस्त्र) होते हैं।