BJP's allegation regarding air pollution in Delhi : भारतीय जनता पार्टी की दिल्ली इकाई ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर ऐसे समय 'राजनीतिक पर्यटन' में व्यस्त होने का आरोप लगाया, जब राष्ट्रीय राजधानी के लोग गंभीर वायु प्रदूषण का सामना कर रहे हैं।
सचदेवा ने एक बयान में कहा कि 'आनंद विहार में एक्यूआई (वायु गुणवत्ता सूचकांक) 700 तक पहुंच गया है। सिर्फ कल (गुरुवार को) ही पंजाब में पराली जलाने की करीब 1600 घटनाएं सामने आईं। दिल्ली के लिए अगले 48 घंटे बेहद खतरनाक हैं।सचदेवा ने दिल्ली के मुख्यमंत्री से बढ़ते प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए 'स्मॉग टावर', 'एयर प्यूरीफायर' और पानी का छिड़काव करने वाले यंत्रों की स्थिति के बारे में पूछा।
उन्होंने आरोप लगाया, इन सबसे दूर केजरीवाल लोगों को उनके हाल पर छोड़कर राजनीतिक भ्रमण में व्यस्त हैं।भाजपा की दिल्ली इकाई के सचिव हरीश खुराना ने कहा कि केजरीवाल को पंजाब के मुख्यमंत्री से पराली जलाने की घटनाओं के बारे में जानकारी लेनी चाहिए। पंजाब में 'आप' सत्ता में है।
खुराना ने कहा कि पंजाब में एक नवंबर को पराली जलाने के जितने मामले सामने आए उतने हरियाणा में पूरे अक्टूबर में दर्ज नहीं किए गए। हरियाणा में भाजपा नीत गठबंधन की सरकार है। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा में अक्टूबर में पराली जलाने के 1296 मामले सामने आए, जबकि पंजाब में सिर्फ एक नवंबर को ही 1921 घटनाएं दर्ज की गईं।(भाषा)
Edited By : Chetan Gour